मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से मिली दिव्यांग पेंशन, हितग्राही के चेहरे पर लौटी मुस्कान
शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग ने शुरू कराई पेंशन, हितग्राही ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। सरगुजा जिले के ग्राम केसमा निवासी श्री रमेश कुमार यादव की दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्या का समयबद्ध निराकरण इसका एक प्रेरक उदाहरण है।
श्री रमेश कुमार यादव दिव्यांग पेंशन का लाभ नहीं मिलने से परेशान थे। कई प्रयासों के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच प्रारंभ की।

विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया का परीक्षण कर प्रकरण का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप श्री रमेश कुमार यादव की लंबित दिव्यांग पेंशन स्वीकृत की गई और उन्हें पेंशन की राशि प्राप्त हो गई। इससे उन्हें आर्थिक राहत मिलने के साथ शासन की जनहितकारी व्यवस्था पर उनका विश्वास भी और मजबूत हुआ।
समस्या का समाधान होने पर श्री रमेश कुमार यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज करने के बाद उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ। उन्होंने कहा कि “मेरी दिव्यांग पेंशन शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मेरी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई हुई। यह व्यवस्था आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी है और समस्याओं का प्रभावी समाधान करती है। इसके लिए मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रदेश के नागरिकों और शासन के बीच विश्वास का सशक्त सेतु बनकर उभरी है। यह व्यवस्था पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए आमजन को समयबद्ध राहत प्रदान कर रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

