भारी बारिश के चलते बिलासपुर जिले के सभी स्कूलों में आज अवकाश घोषित
कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश, शासकीय व निजी विद्यालय रहेंगे बंद
बिलासपुर। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार 17 जुलाई को जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए शासकीय, अशासकीय तथा अनुदान प्राप्त सभी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि 17 जुलाई 2026 को जिले में संचालित सभी शासकीय, निजी एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों में शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश क्रमांक 178/सामान्य/2026-27 में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार लिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर कार्यालय, संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के प्रधानपाठकों एवं प्राचार्यों को भेजी गई है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें तथा मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतें। वहीं विद्यालय प्रबंधन को भी आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

