तोखन साहू की पहल से देवघर के लिए रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद, नियमित ट्रेन चलाने का किया आग्रह

0
Screenshot_20260723_115137

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात; श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन के लिए जताया आभार, कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन और बुधवारी बाजार के मुद्दे भी उठाए

नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने श्रावणी मेले के अवसर पर चलाई जा रही विशेष रेल सेवा के लिए आभार व्यक्त करते हुए देवघर के लिए नियमित रेल सेवा प्रारंभ करने का आग्रह किया।

बैठक में तोखन साहू ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी–मधुपुर–इतवारी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (गाड़ी संख्या 08895/08896) के संचालन के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के हजारों श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं और विशेष रेल सेवा उनके लिए सुरक्षित, सुलभ एवं सुविधाजनक यात्रा का माध्यम बनेगी।

उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए देवघर के लिए नियमित रेल सेवा भी प्रारंभ की जाए, ताकि वर्षभर श्रद्धालुओं, यात्रियों और आम नागरिकों को बेहतर रेल संपर्क का लाभ मिल सके। उनका कहना था कि नियमित ट्रेन शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग भी पूरी होगी।

NTPC World Environment Day

बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने लंबे समय से लंबित कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना में तेजी लाने का अनुरोध करते हुए कहा कि यह रेल लाइन प्रदेश के कई क्षेत्रों को बेहतर रेल नेटवर्क से जोड़ने के साथ-साथ औद्योगिक, व्यापारिक और सामाजिक विकास को नई गति देगी।

इसके अलावा उन्होंने बुधवारी बाजार के दुकानदारों से जुड़े लंबित प्रकरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया कि इस मामले का शीघ्र और न्यायोचित समाधान सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि यह विषय स्थानीय व्यापारियों की आजीविका और जनहित से सीधे जुड़ा हुआ है।

तोखन साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग और रेल मंत्रालय की सकारात्मक पहल से छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजनाओं को गति मिलेगी तथा प्रदेश के यात्रियों, श्रद्धालुओं और व्यापारिक गतिविधियों को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!