प्रकृति संरक्षण के लिए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ने किया सघन पौधारोपण
ग्राम कांटाडीह में 100 पौधे लगाए, महिला एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित
रायपुर। पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ने ग्राम कांटाडीह में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान नीम और करंज के लगभग 100 पौधे लगाए गए। साथ ही महिला एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण महिलाओं और बच्चों को संतुलित पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर की अध्यक्ष प्रीता लाल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत नीम और करंज के पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन तथा स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के तहत ग्राम कांटाडीह स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में महिला एवं शिशु स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष चर्चा आयोजित की गई। इसमें प्रसिद्ध आहार एवं पोषण विशेषज्ञ डॉ. अरुणा पलटा ने मुख्य वक्ता के रूप में महिलाओं और बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए केवल भरपेट भोजन पर्याप्त नहीं, बल्कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं को प्रोटीन, विटामिन और खनिज तत्वों से भरपूर भोजन लेने की सलाह देते हुए नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और संतुलित दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया। साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व की भी जानकारी दी।


डॉ. पलटा ने महिलाओं को यह भी बताया कि सीमित संसाधनों में उपलब्ध स्थानीय खाद्य पदार्थों के माध्यम से भी पौष्टिक एवं संतुलित आहार प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक फूड सप्लीमेंट्स का भी वितरण किया गया।
इस अवसर पर कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील शर्मा, छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा तथा भारत स्काउट एवं गाइड के आयुक्त राजीव चक्रवर्ती विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप गोविंद शितूत ने कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों की देखभाल और प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि गांव का प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।

ग्राम की सरपंच त्रिवेणी साहू ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यक्रम गांव के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए ग्राम पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के प्रोग्राम चेयरमैन शिवरतन गुप्ता ने बताया कि ग्राम कांटाडीह में भविष्य में भी पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर के सदस्य सुभाष साहू, आई.बी.एस. बत्रा, समीर रक्षित, उत्तम गर्ग, उज्ज्वल बत्रा, योगेश अग्रवाल सहित ग्राम के नरेंद्र साहू, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

