अमरकंटक में कई दिनों से रिमझिम वर्षा,आषाढ़ माह में छाया घना कोहरा
मौसम हुआ बेहद सुहावना , प्राकृतिक सौंदर्य निखरा
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली /पवित्र नगरी अमरकंटक जो मध्य प्रदेश के प्रमुख धार्मिक , आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र में पिछले कई दिनों से वर्षा का सिलसिला लगातार जारी है । कभी तेज मूसलाधार बारिश तो कभी रिमझिम फुहारों ने पूरे क्षेत्र को तर-बतर कर दिया है । लगातार हो रही बारिश से जहां वातावरण में उल्लेखनीय ठंडक घुल गई है , वहीं वर्षा के बाद छाए घने कोहरे ने अमरकंटक के प्राकृतिक सौंदर्य को और भी मनोहारी बना दिया है ।

पिछले एक सप्ताह से अमरकंटक क्षेत्र में लगातार वर्षा दर्ज की जा रही है । बारिश के कारण वातावरण पूरी तरह शीतल एवं स्वच्छ हो गया है । बढ़ी हुई नमी के चलते उमस और चुभन भरी गर्मी का प्रभाव समाप्त हो गया है तथा मौसम अत्यंत सुहावना और सर्द एहसास देने वाला बन गया है ।
बारिश के बाद छाए घने कोहरे ने पूरे अमरकंटक को अपनी आगोश में ले लिया है । दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सावधानीपूर्वक वाहन चलाना पड़ रहा है । वहीं कोहरे , बादलों और वर्षा के बीच मां नर्मदा की पावन नगरी का प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बन रहा है । हरियाली से आच्छादित पर्वत , घाटियां और वन क्षेत्र बादलों व कोहरे से ढक जाने के कारण पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं ।
मौसम विभाग के अनुसार अमरकंटक का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया । वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 18 रहने से हवा अत्यंत स्वच्छ श्रेणी में बनी हुई है जिससे लोगों को ताजगी भरे वातावरण का आनंद मिल रहा है । अमरकंटक में अभी तक लगभग 57.0 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है ।
लगातार हो रही वर्षा से क्षेत्र के जलस्रोतों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है । किसानों के लिए यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है । साथ ही प्राकृतिक सौंदर्य अपने चरम पर पहुंचने से अमरकंटक आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में भी वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है ।
इधर 29 जुलाई को गुरुपूर्णिमा पर्व के मद्देनजर देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं एवं शिष्यों का अमरकंटक आगमन प्रारंभ हो गया है । इसी तारतम्य में शांति कुटी आश्रम में गुरुपूजन महोत्सव के पूर्व आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो चुका है , जिसमें मध्य प्रदेश , उत्तर प्रदेश , राजस्थान , छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से भक्त , शिष्य और श्रद्धालु पहुंच रहे हैं ।
प्रतिवर्ष की भांति गुरुपूर्णिमा के अवसर पर कल्याण सेवा आश्रम , धारकुंडी आश्रम , गीता स्वाध्याय मंदिर , मार्कण्डेय आश्रम , शंकराचार्य आश्रम , कामदगिरि आश्रम जैसे विभिन्न आश्रमों , धार्मिक स्थलों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है । इसके बाद श्रावण मास प्रारंभ होगा जिसमें शिवभक्त कांवड़ियों , यात्रियों और पर्यटकों की भारी भीड़ अमरकंटक में देखने को मिलेगी ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

