राज्यपाल रमेन डेका से निजी विश्वविद्यालयों के पदाधिकारियों ने की सौजन्य भेंट
रायपुर । राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन स्थित लोकभवन में राज्य के विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों के पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय स्थापना एवं संचालन (संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत नए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
राज्यपाल रमेन डेका ने इस अवसर पर प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के विस्तार, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका को राज्य के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने पर बल दिया।
बैठक में निजी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने संशोधन विधेयक के विभिन्न प्रावधानों पर अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निजी विश्वविद्यालयों की भूमिका और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर मैट्स विश्वविद्यालय रायपुर के कुलाधिपति गजराज पगारिया, श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, भिलाई-दुर्ग के कुलाधिपति आईपी मिश्रा, भारती विश्वविद्यालय दुर्ग के कुलाधिपति सुशील चंद्राकर, कलिंगा विश्वविद्यालय रायपुर के कुलाधिपति डॉ. संदीप अरोड़ा, आईएसबीएम विश्वविद्यालय गरियाबंद एवं रायपुर के कुलपति डॉ. आनंद महलवार, अंजनेय विश्वविद्यालय रायपुर के कुलाधिपति अभिषेक अग्रवाल, दावड़ा विश्वविद्यालय रायपुर के सीईओ चिन्मय दावड़ा तथा कोलंबिया विश्वविद्यालय रायपुर के प्रो. कुलाधिपति हरजीत सिंह हूरा उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

