नवागढ़-मुंगेली मार्ग की जर्जर सड़क की हुई मरम्मत, राहगीरों और विद्यार्थियों को मिली राहत
मुंगेली। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े नवागढ़-मुंगेली मार्ग की मरम्मत कराए जाने से क्षेत्रवासियों, राहगीरों और प्रतिदिन स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है। विधायक प्रतिनिधि महाविद्यालय मुंगेली एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह टंडन की पहल पर संबंधित विभाग ने सड़क की मरम्मत का कार्य कराया।
जानकारी के अनुसार, यह मार्ग लंबे समय से गड्ढों और उखड़ी हुई सड़क के कारण दुर्घटना का कारण बन रहा था। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई थी, जिससे वाहन चालकों, ग्रामीणों तथा विद्यार्थियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने कई बार सड़क की मरम्मत की मांग उठाई थी।
क्षेत्रवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए राजेश्वर सिंह टंडन ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने का आग्रह किया। इसके बाद विभाग ने सड़क पर सीमेंट मिक्स, बजरी और गिट्टी डालकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई, जिससे मार्ग पर आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से न केवल दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, बल्कि प्रतिदिन इस मार्ग से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, किसानों और आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस मार्ग का स्थायी उन्नयन भी कराया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
सड़क मरम्मत कार्य पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों ने विधायक प्रतिनिधि राजेश्वर सिंह टंडन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में यह एक सकारात्मक पहल है, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

