वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने निःशुल्क पौधा वितरण वैन को दिखाई हरी झंडी
अब एक कॉल पर घर पहुंचेगा निःशुल्क पौधा, वन विभाग की अभिनव पहल से बढ़ेगी हरियाली
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिलेगा नया विस्तार, फलदार और छायादार पौधे होंगे उपलब्ध
रायपुर । वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने शुक्रवार को रायगढ़ प्रवास के दौरान अपने निवास कार्यालय से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वनमंडल रायगढ़ द्वारा संचालित निःशुल्क पौधा वितरण वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभिनव पहल के माध्यम से रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिक अब केवल एक फोन कॉल पर अपने घर तक निःशुल्क पौधे प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
घर बैठे मिलेगी पौधों की सुविधा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि वन विभाग की यह पहल नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का सराहनीय प्रयास है। अब यदि कोई व्यक्ति अपने घर, आंगन, बाड़ी, खेत, बगीचे, तालाब किनारे या अन्य उपयुक्त स्थान पर पौधारोपण करना चाहता है, तो उसे केवल निर्धारित टोल-फ्री नंबर पर कॉल करना होगा। इसके बाद वन विभाग की टीम सीधे उसके घर पहुंचकर निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से लोगों को पौधों के लिए नर्सरी या वन विभाग के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे समय की बचत होगी और अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सकेंगे।


‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
वित्त मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व भी है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृऋण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अनूठा माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान से जुड़े, तो रायगढ़ आने वाले वर्षों में हरियाली की नई पहचान बन सकता है।
फलदार और छायादार पौधों की रहेगी उपलब्धता
ओपी चौधरी ने बताया कि इस योजना के तहत वन विभाग द्वारा अच्छी गुणवत्ता वाले स्वस्थ पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार आम, अमरूद, नींबू सहित विभिन्न फलदार पौधों के साथ-साथ छायादार एवं अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधे भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पौधों की सहज उपलब्धता से वृक्षारोपण अभियान को नई गति मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
हर नागरिक लगाए एक पेड़, हराभरा बने रायगढ़
वित्त मंत्री ने नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर, बगीचे, खेत, तालाब किनारे, पार्क या अन्य उपलब्ध स्थानों पर पौधारोपण कर प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है। एक पेड़ केवल हरियाली ही नहीं देता, बल्कि स्वच्छ हवा, संतुलित पर्यावरण, जैव विविधता के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी बनता है।
उन्होंने वन विभाग की इस जनहितैषी पहल का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब पौधों का संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के नागरिक 8305186853 एवं 18002332631 पर कॉल कर फलदार, छायादार और अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधे निःशुल्क अपने घर मंगा सकते हैं।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, डीएफओ अरविंद पीएम, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

