प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से होमेश्वर प्रसाद जायसवाल को मिली बड़ी राहत, शून्य हुआ बिजली बिल

0
IMG-20260724-WA1164

3 किलोवाट सोलर रूफटॉप सिस्टम से हर माह हजारों रुपये की बचत, केंद्र और राज्य सरकार से मिली 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी

स्वच्छ ऊर्जा के साथ आर्थिक बचत का बना सशक्त माध्यम

रायपुर । प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ आम नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना के तहत लोग अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर घरेलू बिजली की आवश्यकता पूरी करने के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय का अवसर भी प्राप्त कर रहे हैं। इससे बिजली बिल का खर्च कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है।

जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय के निवासी होमेश्वर प्रसाद जायसवाल इस योजना के सफल लाभार्थियों में शामिल हैं। उन्होंने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। इसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें कुल 1.08 लाख रुपये की वित्तीय सहायता मिली, जिससे सोलर संयंत्र स्थापित करना उनके लिए आसान हो गया।

होमेश्वर प्रसाद जायसवाल ने बताया कि सोलर सिस्टम लगाने से पहले उनका मासिक बिजली बिल लगभग 3 से 4 हजार रुपये तक आता था। हर महीने बिजली बिल का यह खर्च परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ बनता था। लेकिन सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित होने के बाद उनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है। अब हर महीने हजारों रुपये की बचत हो रही है, जिसका उपयोग वे परिवार की अन्य आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों के लिए कर रहे हैं।

NTPC World Environment Day

उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा अपनाने से न केवल आर्थिक बचत हुई है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी उनका योगदान बढ़ा है। स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा के उपयोग से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम हुई है तथा कार्बन उत्सर्जन में भी कमी लाने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई है।

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को सब्सिडी के साथ कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे अधिक से अधिक लोग सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं और अपने घरों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रहे हैं।

होमेश्वर प्रसाद जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना आम परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने जिले के अन्य नागरिकों से भी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल में राहत देती है, बल्कि भविष्य के लिए सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी ऊर्जा व्यवस्था की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!