उधारी के पैसों के विवाद में चाकू दिखाकर मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत भी हुई कार्रवाई
रायपुर। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में उधारी के पैसों के विवाद को लेकर चाकू दिखाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा और चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मोहम्मद समीर खान (27 वर्ष), पिता मोहम्मद नासिर खान, निवासी तर्री रोड, नवापारा, थाना गोबरा नवापारा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:45 बजे उधारी के पैसों को लेकर उसका आरोपी सोहेल खान से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और चाकू से मारने की धमकी देकर अपने पास रखे डंडे से उसकी पिटाई कर दी।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) एवं 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी एवं प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान दर्ज किए। विवेचना में एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें आरोपी सोहेल खान चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता हुआ तथा डंडे से मारपीट करता दिखाई दिया। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ दी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक डंडा और एक चाकू गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेल खान (27 वर्ष), पिता अख्तर खान, निवासी तर्री मस्जिद के पास, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायपुर (ग्रामीण) पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था भंग करने, हथियारों के बल पर धमकी देने और हिंसक घटनाओं में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

