शास्त्री बाजार से चोरी हुई स्कूटी 24 घंटे के भीतर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, चोरी की होंडा प्लेजर स्कूटी जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर में शास्त्री बाजार क्षेत्र से चोरी हुई दोपहिया वाहन के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गोलबाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की होंडा प्लेजर स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी तौसिफ खान ने थाना गोलबाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई 2026 को उन्होंने अपनी होंडा प्लेजर (क्रमांक CG 04 DK 5384) को शास्त्री बाजार स्थित मछली मार्केट के सामने खड़ा कर लॉक किया था और दुकान के अंदर चले गए थे। कुछ समय बाद लौटने पर वाहन वहां नहीं मिला। अज्ञात चोर स्कूटी चोरी कर फरार हो चुका था। प्रार्थी की शिकायत पर थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ करने के साथ ही घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम को चोरी की स्कूटी और आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने शिव शंकर नेताम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने शास्त्री बाजार से होंडा प्लेजर स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से करीब 25 हजार रुपये मूल्य की चोरी की होंडा प्लेजर स्कूटी (CG 04 DK 5384) बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव शंकर नेताम (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय विश्राम सिंह नेताम, निवासी संजय नगर, बड़ा हनुमान मंदिर के पास, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है।
रायपुर पुलिस ने कहा है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से ऐसे मामलों का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

