अदाणी फाउंडेशन की पहल से तिल्दा के 4,393 विद्यार्थियों के चेहरे खिले, 41 शासकीय विद्यालयों में वितरित किए गए स्कूल बैग
अदाणी पावर लिमिटेड के आसपास के 16 गांवों के विद्यार्थियों को मिला लाभ, शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 दिनों तक चला अभियान
रायपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अदाणी फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड के 41 शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत 4,393 विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए। अदाणी फाउंडेशन की ‘उत्थान परियोजना’ के तहत संचालित यह अभियान 10 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक लगातार 18 दिनों तक चलाया गया, जिसमें अदाणी पावर लिमिटेड के आसपास स्थित 16 गांवों के विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया।
फाउंडेशन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा। अभियान के दौरान कक्षा पहली से बारहवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके।
इस अभियान में ग्राम भाटापारा, रायखेड़ा, मोहरेंगा, मुरा, चिचोली, बरतोरी, खम्हारिया, ताराशिव, कोनारी, गैंतरा, तुलसी सहित कुल 16 गांवों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया। इनमें चार शासकीय नवीन प्राथमिक विद्यालय, 16 शासकीय प्राथमिक विद्यालय, 12 शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सात शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय, एक स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम विद्यालय तथा एक राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शामिल रहे। इन सभी विद्यालयों में अध्ययनरत कुल 4,393 विद्यार्थियों को स्कूल बैग प्रदान किए गए।

स्कूल बैग वितरण अभियान का शुभारंभ ग्राम भाटापारा से किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती स्वाति वर्मा तथा ग्राम पंचायत रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अभियान के दौरान सभी 16 गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं उपसरपंच, जनप्रतिनिधि, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अदाणी पावर लिमिटेड के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। सुरक्षा विभाग प्रमुख, वरिष्ठ प्रबंधक, वित्त विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा टेक्नो-कॉमर्शियल विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। संपूर्ण अभियान का संचालन अदाणी फाउंडेशन की सीएसआर प्रमुख के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें फाउंडेशन की सीएसआर टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्राम पंचायत ताराशिव के शासकीय हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच मनीष वर्मा ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूल बैग वितरण जैसी पहल विद्यार्थियों को न केवल पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराती है, बल्कि उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और बेहतर प्रदर्शन के लिए भी प्रेरित करती है।
वहीं ग्राम पंचायत रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन केवल आधारभूत विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए फाउंडेशन की यह पहल अनुकरणीय है और इससे ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
ग्राम पंचायत मुरा की सरपंच श्रीमती कंचन गायकवाड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की यह पहल अत्यंत प्रेरणादायक है। इससे विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ेगा और अभिभावकों का विद्यालयों के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, शाला प्रबंधन समितियों के सदस्यों एवं अभिभावकों ने अदाणी फाउंडेशन के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की। सभी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की पहल ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी है, क्योंकि इससे उन्हें आवश्यक शैक्षणिक संसाधन सहज रूप से उपलब्ध हो रहे हैं। साथ ही विद्यार्थियों में विद्यालय के प्रति लगाव और नियमित उपस्थिति भी बढ़ेगी।
अदाणी फाउंडेशन लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित कर रहा है। फाउंडेशन का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास में सहभागिता निभाना है। शिक्षा के क्षेत्र में चलाए जा रहे ऐसे अभियान इसी सोच का हिस्सा हैं, जिनके माध्यम से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों के लिए स्कूल बैग वितरण का यह अभियान न केवल एक सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के रूप में देखा जा रहा है, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे हजारों विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है और ग्रामीण अंचलों में शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

