ऑपरेशन क्लीन हंट: महीनों से फरार गांजा तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त i20 कार भी जब्त
एनडीपीएस एक्ट के फरार आरोपी तक पहुंची पूंजीपथरा पुलिस, पहले ही जेल जा चुके हैं दो साथी
रायगढ़। जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई महीनों से फरार चल रहे गांजा तस्कर चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35 वर्ष), निवासी सोनपुर, थाना लैलूंगा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गांजा तस्करी में प्रयुक्त i20 कार (क्रमांक CG 13 BH 5917) भी जब्त कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पूंजीपथरा पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को लगातार सक्रिय मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी।
पुलिस के अनुसार यह मामला 23 अप्रैल 2026 का है, जब मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम तुमीडीह स्थित महुआ चौक, पठान कॉलोनी के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की थी। इस दौरान एक i20 कार में सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान दो आरोपी खिरोधर यादव (जिला जशपुर) और पुरुषोत्तम यादव (ग्राम तुमीडीह) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरा आरोपी चन्द्रमणी यादव पुलिस को चकमा देकर कार सहित फरार हो गया था।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.728 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹24,500, तथा गांजा बिक्री से प्राप्त ₹5,000 नकद बरामद किए थे। कुल ₹29,500 की जब्ती करते हुए आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम यादव ने पूछताछ में खुलासा किया कि फरार हुआ व्यक्ति चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव ही था, जो गांजा बेचने के उद्देश्य से उनके साथ आया था और पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर आरोपी की घटनास्थल पर मौजूदगी की पुष्टि की तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी रखे।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस ने तत्काल दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त i20 कार (CG 13 BH 5917) भी जब्त कर ली। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा तथा पूंजीपथरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत फरार आरोपियों की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी आरोपी को कानून से बचने का अवसर नहीं दिया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन क्लीन हंट केवल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का अभियान नहीं है, बल्कि यह अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से भागकर कोई भी बच नहीं सकता। रायगढ़ पुलिस नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई करती रहेगी। फरार अपराधियों के विरुद्ध हमारी कार्रवाई निरंतर और निर्णायक रूप से जारी रहेगी।”

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

