ऑपरेशन क्लीन हंट: शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक पर हमला करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
लोहे के कड़े से किया था जानलेवा हमला, गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई, दो आरोपी अब भी फरार
रायगढ़। रायगढ़ जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत खरसिया पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मौहापाली मेन रोड पर शराब पीने के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक और उसके साथियों पर हमला करने वाले फरार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया है। वहीं मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छोटे मुड़पार निवासी विनोद रायल (32 वर्ष) ने पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे वह अपने मित्र रोहन जांगड़े को कार से उसके घर मौहापाली छोड़ने गया था। मित्र को छोड़कर वापस लौटते समय दो मोटरसाइकिलों पर सवार फैज खान, अमनप्रीत, करतार और फरीद ने उसकी कार को रोक लिया।
आरोप है कि फैज खान ने शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब विनोद रायल ने पैसे नहीं होने की बात कही, तो आरोपी अपने साथियों के साथ गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद सभी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान फैज खान ने अपने हाथ में पहने लोहे के कड़े जैसे कठोर औजार से विनोद रायल के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में विनोद के सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं तथा काफी रक्तस्राव हुआ। बीच-बचाव करने पहुंचे रोहन जांगड़े और कुंज किशोर पटेल के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस चौकी खरसिया में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2), 115(2), 119(1) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी।
चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही एएसआई मनोज पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का कड़ा बरामद कर जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान अहमद उर्फ फैज खान (25 वर्ष), पिता मुस्ताक अहमद, निवासी वार्ड क्रमांक 5, हनुमान चौक, पुरानी बस्ती, खरसिया, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है।
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल फरार आरोपी करतार और फरीद की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

