बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन गौवंशों की तस्करी नाकाम, वाहन समेत दो आरोपी गिरफ्तार
बिना चारा-पानी ठूंसकर ले जाए जा रहे थे मवेशी, खम्हरिया पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा वाहन
बेमेतरा। जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खम्हरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गौवंशों को तस्करी से मुक्त कराया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देश पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार केशव चौहान (41 वर्ष), निवासी देवरबीजा ने अपने साथियों के साथ थाना खम्हरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 जुलाई 2026 की सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बेरा से एक वाहन में भैंसों को लोड कर खम्हरिया मार्ग से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही गौवंश सेवकों ने ग्राम भुषंडी में पीलू पटेल के घर के पास संदिग्ध वाहन क्रमांक CG 15 DG 9753 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान वाहन में दो भैंस और एक पड़वा को बिना चारा-पानी के अत्यंत संकुचित तरीके से ठूंसकर भरकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में चालक ने अपना नाम कुंवर सिंह साहू, निवासी थान खम्हरिया बताया। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि मवेशियों को वध के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। इसके बाद चालक को वाहन सहित थाना खम्हरिया लाया गया। जांच में मुकेश घृतलहरे को मवेशियों का मालिक पाया गया। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध पूर्व में भी इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना खम्हरिया में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने आरोपियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी खम्हरिया ने पुलिस टीम गठित कर जांच को आगे बढ़ाया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने वाहन चालक कुंवर सिंह साहू तथा मवेशी मालिक मुकेश घृतलहरे से पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन CG 15 DG 9753 तथा तीनों गौवंशों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंवर सिंह साहू (43 वर्ष), पिता स्वर्गीय झुकुराम साहू, निवासी थान खम्हरिया तथा मुकेश घृतलहरे (35 वर्ष), पिता धरमी घृतलहरे, निवासी ग्राम बेरा, पुलिस चौकी खण्डसरा, थाना एवं जिला बेमेतरा के रूप में हुई है। दोनों को 27 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश उपाध्याय, उपनिरीक्षक ओंकार प्रसाद साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश चौहान, प्रधान आरक्षक विनोद पात्रे, सुरेंद्र तिवारी, आरक्षक मुकेश कुमार चंद्रवंशी, बलदेव निषाद, अशरफी खान, लोकेश्वर साहू, रमन चंद्राकर सहित थाना खम्हरिया के समस्त पुलिस स्टाफ एवं गौवंश सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बेमेतरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों में आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

