विधायक अनुज शर्मा ने ली विभागीय समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जनदर्शन में सुनीं आमजन की समस्याएं, कहा- दफ्तरों से निकलकर धरातल पर करें काम
रायपुर । विधानसभा क्षेत्र धरसीवा के समग्र विकास और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से विधायक अनुज शर्मा ने बुधवार को जनपद पंचायत सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए और इसके लिए अधिकारियों को कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय क्षेत्र में जाकर कार्य करना होगा।
बैठक के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जनपद पंचायत, स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सहित विभिन्न विभागों से संचालित विकास कार्यों एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से लंबित आवेदनों के निराकरण की स्थिति पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा तथा स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से किसी भी फाइल को लंबित रखना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक फाइल के पीछे किसी न किसी जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या और उम्मीद जुड़ी होती है। इसलिए सभी विभाग तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें और प्रत्येक लंबित प्रकरण की एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) उपलब्ध कराएं। विधायक ने अधिकारियों से यह भी पूछा कि जो कार्य लंबे समय से रुके हुए हैं, उनकी वास्तविक बाधाएं क्या हैं और उन्हें तत्काल दूर करने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में विधायक अनुज शर्मा ने गुणवत्ता से समझौता करने और कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने दो टूक कहा कि कागजों में विकास दिखाने से अधिक आवश्यक है कि विकास कार्य धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दें।
समीक्षा बैठक के बाद विधायक अनुज शर्मा सेवा सदन पहुंचे, जहां आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखीं। विधायक ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना तथा मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान शासन की योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मकान के पट्टों का वितरण भी किया गया। पट्टा प्राप्त कर हितग्राहियों ने खुशी व्यक्त की। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि प्रत्येक गरीब और जरूरतमंद परिवार को अपने सिर पर छत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भूमि का पट्टा मिलने से हितग्राहियों को कानूनी अधिकार मिलने के साथ सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त होगा।
बैठक एवं जनदर्शन कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, जनपद पंचायत अध्यक्ष शकुंतला ढीलेंद्र सेन, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आशीष केशरवानी सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
