कलेक्टर की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
जल संरक्षण, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन एवं निर्माण कार्यों में समयबद्ध प्रगति के दिए सख्त निर्देश
बेमेतरा । कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने वॉटर बॉडी रिचार्ज, रिचार्ज पिट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, ट्रेंच निर्माण, पौधरोपण एवं अन्य जल संरक्षण संबंधी कार्यों को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी जल संरचनाओं का निर्माण किया जाए, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि हो और भविष्य में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वर्ष 2016 से 2023 तक स्वीकृत ऐसे अपूर्ण आवास, जिनका निर्माण संभव नहीं है, उन्हें नियमानुसार निरस्त करते हुए संबंधित हितग्राहियों से वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं वर्ष 2024 से 2026 तक स्वीकृत अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिन हितग्राहियों ने अभी तक आवास निर्माण प्रारंभ नहीं किया है, उनके विरुद्ध अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के माध्यम से नियमित पेशी कराते हुए आवश्यक वसूली एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी हितग्राहियों को अपने आवास में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना अनिवार्य रूप से बनाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि प्रत्येक आवास जल संरक्षण का भी मॉडल बन सके।


स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भुगतान हेतु पात्र सभी लंबित प्रकरणों को शीघ्र परीक्षण उपरांत जिला कार्यालय भेजा जाए, जिससे हितग्राहियों को समय पर राशि का भुगतान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जनपद पंचायतों को इस कार्य में विशेष गंभीरता एवं तत्परता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीओ) एवं उप अभियंताओं (सब इंजीनियर्स ) को नियमित मैदानी निरीक्षण करने, कार्यों की सतत निगरानी रखने तथा प्रगति में लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान दें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, कार्यपालन अभियंता (आरईएस), सभी अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
