वीएसके ऐप में तकनीकी त्रुटियों का होगा शीघ्र समाधान, तकनीकी समस्या के कारण किसी शिक्षक का वेतन नहीं कटेगा : शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव
लगभग डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर निभा रहे हैं अपनी जिम्मेदारी, शिक्षा मंत्री ने जताया आभार
प्रदेश के लगभग 85 प्रतिशत शिक्षक प्रतिदिन लगा रहे हैं ऑनलाइन अटेंडेंस, 15 अगस्त तक तकनीकी खामियां दूर करने का लक्ष्य
रायपुर । स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा है कि शिक्षकों और विभिन्न शिक्षक संगठनों द्वारा वीएसके (VSK) ऐप में आ रही तकनीकी त्रुटियों एवं एरर संबंधी शिकायतों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीएसके ऐप में आने वाली तकनीकी समस्याओं के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। शिक्षकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार उनके हितों की पूरी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
15 अगस्त तक तकनीकी खामियां दूर करने के निर्देश
शिक्षा मंत्री ने बताया कि संबंधित अधिकारियों तथा तकनीकी टीम को वीएसके ऐप में आ रही सभी तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार ने लक्ष्य निर्धारित किया है कि 15 अगस्त तक ऐप में मौजूद तकनीकी खामियों का समाधान कर इसे पूरी तरह सुचारु बनाया जाए, ताकि प्रदेश के सभी शिक्षक बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति आसानी से दर्ज कर सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार तकनीकी विशेषज्ञों के साथ समन्वय कर ऐप को और अधिक स्थिर, सरल एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।

लगभग डेढ़ लाख शिक्षक नियमित रूप से दर्ज कर रहे हैं ऑनलाइन उपस्थिति
गजेंद्र यादव ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लगभग एक लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग डेढ़ लाख शिक्षक प्रतिदिन वीएसके ऐप के माध्यम से अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह संख्या कुल शिक्षकों का लगभग 85 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में शिक्षकों का सहयोग अत्यंत सराहनीय है।
शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से सशक्त बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने का कार्य ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में तकनीक के सफल क्रियान्वयन में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनका अनुशासन, समर्पण और सहयोग राज्य की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों के इस सकारात्मक सहयोग का सम्मान करती है तथा उनके सुझावों और अनुभवों के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
तकनीकी खामी का खामियाजा किसी शिक्षक को नहीं भुगतना पड़ेगा
गजेंद्र यादव ने दोहराया कि राज्य सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुविधा और हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी शिक्षक को तकनीकी कारणों से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में कठिनाई आती है तो उसके अधिकारों और हितों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी खामी के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा और न ही किसी प्रकार की प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि तकनीकी समस्याओं का समाधान शीघ्र हो और शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
शिक्षकों से सुझाव देने की अपील
शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के सभी शिक्षकों से अपील की कि वे पूर्व की भांति वीएसके ऐप का उपयोग करते रहें। यदि उन्हें किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है अथवा ऐप को और बेहतर बनाने के संबंध में कोई सुझाव है तो उसे संबंधित अधिकारियों तक अवश्य पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक सुझाव का सकारात्मक परीक्षण करेगी और आवश्यक सुधार लागू करेगी, ताकि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा तकनीक-सक्षम बन सके। राज्य सरकार का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराना और शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक के अनुरूप सुदृढ़ बनाना है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
