महतारी वंदन योजना: आर्थिक सहायता से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
प्रतिमाह मिलने वाली सहायता राशि से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, छोटे व्यवसायों को भी मिल रही नई पहचान
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रही है। प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि न केवल घरेलू आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, छोटे व्यवसायों का विस्तार करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का अवसर भी प्रदान कर रही है।
महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 29 किश्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। इस योजना से प्रदेश की लाखों महिलाओं को नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिससे उनके आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण को नई मजबूती मिली है।

राजेश्वरी सिदार को मिला आर्थिक संबल
सक्ती जिले के ग्राम जेठा निवासी राजेश्वरी सिदार बताती हैं कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा होती है। इससे उन्हें घरेलू आवश्यकताओं और दैनिक खर्चों को पूरा करने में काफी सुविधा मिल रही है।

उनका कहना है कि नियमित आर्थिक सहयोग मिलने से वे परिवार की जिम्मेदारियों में पहले की तुलना में अधिक सक्रिय भूमिका निभा पा रही हैं। इस योजना ने उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ आत्मविश्वास भी दिया है और अब वे स्वयं को अधिक सशक्त तथा आत्मनिर्भर महसूस करती हैं।
मनिहारी स्टोर से आत्मनिर्भर बनीं शकुंतला महंत
जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत चाम्पा ग्रामीण क्षेत्र की शकुंतला महंत ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग अपने छोटे मनिहारी स्टोर को आगे बढ़ाने में किया।
उन्होंने बताया कि पहले सीमित आय के कारण परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करना कठिन था, लेकिन हर माह मिलने वाली सहायता राशि को उन्होंने अपने व्यवसाय में निवेश करना शुरू किया। धीरे-धीरे दुकान में नए सामान जोड़े गए और ग्राहकों की संख्या भी बढ़ती गई।
आज उनका मनिहारी स्टोर परिवार की आय का मजबूत आधार बन चुका है। इससे वे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और अन्य आवश्यकताओं को पहले की अपेक्षा अधिक बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं। योजना से मिली आर्थिक सहायता ने उन्हें स्वरोजगार को मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है।
महिलाओं के जीवन में बदलाव की बन रही प्रेरणा
राजेश्वरी सिदार और शकुंतला महंत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में नई आशा, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की उम्मीद जगाई है।
उन्होंने कहा कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को न केवल घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहूलियत मिल रही है, बल्कि वे छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर या उन्हें आगे बढ़ाकर परिवार की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रदेश भर में हजारों महिलाएं महतारी वंदन योजना का लाभ उठाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने, आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक आत्मविश्वास को नई दिशा देने का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
