जर्जर पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग की समस्याओं को लेकर कर्मचारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
सीपेज, पार्किंग, शौचालय और बिजली व्यवस्था सुधारने सहित पांच सूत्रीय मांगें, नई बिल्डिंग निर्माण का भी रखा प्रस्ताव

बिलासपुर । पुरानी कम्पोजिट बिल्डिंग में संचालित विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भवन की जर्जर स्थिति तथा मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने भवन में व्याप्त समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने और दीर्घकालीन व्यवस्था के तहत नई बिल्डिंग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि इस वर्ष हुई लगातार बारिश के कारण भवन में कई स्थानों पर सीपेज की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। अनेक कार्यालयों में पानी भरने से कर्मचारियों के साथ-साथ विभिन्न कार्यों से आने वाले आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भवन की जर्जर स्थिति के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ज्ञापन प्राप्त होते ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 1959 में निर्मित यह भवन अब अपनी आयु पूरी कर चुका है। ऐसे में इसे डिस्मेंटल कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में भवन की आंशिक मरम्मत एवं रंगरोगन, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त वाहन पार्किंग की व्यवस्था, पुरुष एवं महिला कर्मचारियों के जर्जर शौचालयों के जीर्णोद्धार, नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने तथा नई विद्युत लाइन बिछाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वर्षा समाप्त होने के बाद सितंबर 2026 से आवश्यक मरम्मत एवं अन्य कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में सुनील यादव, आर.के. गुप्ता, सूर्यप्रकाश कश्यप, राहुल यादव, देवेंद्र ठाकुर, किशोर शर्मा, जियाली राम सुरक्षित, एच.एन. पुरैना, डी.के. पाटिल, मनीष रात्रे, श्वेता दुबे, मीनू अग्रवाल, मुक्ति मेरी, ममता रायकर, शिवानी मुले, चंद्रेश, अवधेश कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
