सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर बिलासपुर पुलिस का हरित संकल्प, जिलेभर में 2 हजार से अधिक पौधे लगाए।
रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत सभी थाना-चौकी और पुलिस आवासीय परिसरों में हुआ वृक्षारोपण

बिलासपुर । सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर बिलासपुर जिला पुलिस ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सभी थाना-चौकी, पुलिस लाइन और पुलिस आवासीय परिसरों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ प्रकृति और मातृत्व के सम्मान का संदेश समाज तक पहुंचाना रहा। इस दौरान जिलेभर में 2,000 से अधिक पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया गया।

मुख्य कार्यक्रम निलयम पुलिस आवासीय परिसर में आयोजित किया गया, जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (शहर), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे (यातायात), नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार (सिविल लाइन), नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव (कोतवाली), डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस प्रकार देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया, उसी प्रकार प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित भविष्य की नींव बनेगा।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ें।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
