कलेक्टर के निर्देश पर नेवासपुर स्कूल की बदली तस्वीर

0
IMG-20260801-WA1152

मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार शनिवार को शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नेवासपुर में जलभराव एवं कीचड़ की समस्या के समाधान के लिए जिला पंचायत एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक ने विद्यालय पहुंचकर समस्या का जायजा लिया और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित कराई।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में जलभराव एवं मुख्य प्रवेश द्वार पर फैली कीचड़ की स्थिति को गंभीरता से लिया गया। इस संबंध में ग्राम पंचायत नेवासपुर के सरपंच, सचिव, पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक तथा शिक्षकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों के निर्देश पर पंचायत के सहयोग से तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर पूर्व में खोदी गई नाली को पटवाया गया, जिससे पानी के निकास की व्यवस्था सुचारु हो सके।

वहीं विद्यालय के मुख्य गेट पर जमा कीचड़ एवं पानी को हटाकर बारीक गिट्टी एवं मुरूम डालकर समतलीकरण कराया गया, जिससे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर हो गई। संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला तथा पूर्व माध्यमिक शाला का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय भवन, कक्षाओं एवं पूरे परिसर की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि विद्यालय का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक होना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।

NTPC World Environment Day


निरीक्षण में यह भी पाया गया कि विद्यालय की बाउंड्री वॉल कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर उच्च कार्यालय भेजने के निर्देश दिए, ताकि बाउंड्री वॉल का निर्माण कर विद्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों को पोषण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं मध्याह्न भोजन व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए किचन शेड निर्माण हेतु मांग पत्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी अधिकारियों द्वारा दिए गए।


उल्लेखनीय है कि कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशन में जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पंचायत के अधिकारी सुबह से ही नेवासपुर पहुंचकर स्वयं पूरे कार्य की निगरानी करते रहे। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि जलभराव एवं कीचड़ की समस्या का तत्काल समाधान हो। समस्या के निराकरण के बाद ही अधिकारी वापस लौटे। स्थानीय ग्रामीणों, पालकों एवं विद्यालय परिवार ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की त्वरित पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यालय के समग्र विकास के लिए इसी प्रकार सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे। डी ई ओ ने बी ई ओ एवं अन्य अधिकारियों की ली बैठक, बेहतर व्यवस्था एवं सतत निगरानी के दिए निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी एल पी डाहिरे ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर विद्यालयों के नियमित निरीक्षण, विद्यालय परिसर साफ सफाई,एवं उचित रखरखाव तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!