खाद की ओवररेट बिक्री का आरोप: भटचौरा के पटेल कृषि केंद्र पर किसानों ने की जांच की मांग

0
IMG-20260801-WA1411

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

पचपेड़ी। खरीफ सीजन में धान की बुवाई पूरी होने के बाद अब किसान फसल की बेहतर वृद्धि के लिए खाद की व्यवस्था में जुटे हैं। इसी बीच पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत भटचौरा स्थित पटेल कृषि केंद्र पर किसानों ने निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ रही है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, किसानों का आरोप है कि शासन द्वारा निर्धारित मूल्य लगभग 266 रुपये प्रति बोरी वाले खाद को कृषि केंद्र में 750 से 800 रुपये प्रति बोरी तक बेचा जा रहा है। किसानों का कहना है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में खाद की तत्काल आवश्यकता होने के कारण वे मजबूरी में अधिक कीमत देकर खाद खरीदने को विवश हैं।

NTPC World Environment Day

ग्रामीणों का कहना है कि खाद की ओवररेट बिक्री से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जिससे पहले से आर्थिक दबाव झेल रहे किसानों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध नहीं होगी तो इसका सीधा असर फसल उत्पादन और उनकी आय पर पड़ेगा।

किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, खाद की बिक्री के रिकॉर्ड की जांच करने तथा यदि अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित कृषि केंद्र संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि शासन किसानों को रियायती दर पर खाद उपलब्ध कराने का दावा करता है, लेकिन यदि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की जा रही है तो यह किसानों के हितों के साथ अन्याय है।

कृषि विभाग ने जांच का दिया आश्वासन

इस संबंध में कृषि विभाग के अधिकारी ए.के. अहीरे ने कहा कि यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचे जाने अथवा बिना फिंगरप्रिंट के खाद वितरण किए जाने की शिकायत सही पाई जाती है, तो मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, किसानों की शिकायत के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें कृषि विभाग की जांच और प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!