एनआईटी रायपुर में गूंजा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ का संकल्प

0
IMG-20260802-WA0912

एनएसएस-एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान में 250 से अधिक विद्यार्थियों व संकाय सदस्यों की सहभागिता, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुनने के बाद निकाली गई जागरूकता रैली

रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) क्लबों के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के तहत आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना तथा विकसित भारत के निर्माण के लिए नशा मुक्त समाज की अवधारणा को सशक्त करना रहा।

कार्यक्रम में संस्थान के 250 से अधिक विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत संस्थान परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और संकाय सदस्यों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर परिसर का भ्रमण किया तथा नशा मुक्त भारत, स्वस्थ जीवन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े नारों के माध्यम से व्यसनमुक्त समाज का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक भी नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश पहुंचाना रहा।

NTPC World Environment Day

कार्यक्रम का आयोजन एनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमणा राव के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और संकाय सदस्यों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाते हुए कहा कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं का स्वस्थ और नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. नरेंद्र डी. लोंढे सहित प्रो. जी. डी. रामटेककर, प्रो. शिरीष वर्मा, प्रो. समीर बाजपेई, प्रो. शुभाशीष सान्याल, प्रो. जी. पी. एस. सी. मिश्रा, प्रो. सुधाकर पांडे, प्रो. मीना मुर्मू, डॉ. पवन मिश्रा, प्रो. डी. सी. झारिया तथा अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा एनएसएस, एनसीसी, सहयोग, शौर्य, रागा, गो ग्रीन, राजभाषा प्रकोष्ठ सहित संस्थान के विभिन्न क्लबों एवं समितियों के स्वयंसेवकों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा जागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। संस्थान प्रबंधन ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!