लोक भवन से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ
राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन में युवाओं से किया नशामुक्त भारत के निर्माण का आह्वान
रायपुर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को देशभर में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन तथा विभिन्न युवा संगठनों के सदस्य शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन प्रसारित किया गया। प्रधानमंत्री ने देशव्यापी 100 सप्ताह तक चलने वाले जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि देश का युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग करे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इस दिशा में जागरूक करने का आह्वान किया।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं ने उत्साहपूर्वक देखा। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में बताया गया कि ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर आगामी 100 सप्ताह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), माय भारत युवा संगठन तथा अन्य युवा संगठनों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम, जागरूकता रैलियां, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान तथा सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम शामिल रहेंगे।
अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से इस अभियान को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
