संस्कार , संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का संगम बना कल्याणिका विद्यालय का 29वाँ स्थापना दिवस
रंगारंग प्रस्तुतियों से बच्चों ने मोहा मन , संतों के प्रेरक संदेशों से गूंजा हंसवाहिनी सभागार
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय का 29वाँ स्थापना दिवस समारोह सोमवार 03 अगस्त 2826 को उत्साह , उल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ । विद्यालय परिसर के हंसवाहिनी सभागार में आयोजित इस भव्य समारोह में संत-महात्माओं , जनप्रतिनिधियों , शिक्षाविदों , अभिभावकों , पत्रकारों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया ।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे तपस्वी बाबा कल्याण दास जी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ । उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया । विद्यालय की कनिष्ठ छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने समारोह में आकर्षण का संचार किया और दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की ।

कल्याणिका विद्यालय स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉलीवुड मिक्स डांस , पंजाबी लोकनृत्य , समूह गीत तथा ‘तानाजी’ पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की । वरिष्ठ विद्यार्थियों की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति ने दर्शकों में साहस , स्वाभिमान और देशप्रेम की भावना जागृत की , वहीं ‘जगन्नाथ अष्टकम’ की सामूहिक प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से भर दिया ।
मुख्य अतिथि परम तपस्वी वीतराग बाबा कल्याण दास जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण करना है । उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान , चरित्र , अनुशासन और सेवा भाव को जीवन में आत्मसात कर भारत को विश्व के सर्वोच्च शिखर तक पहुंचाने का आह्वान किया ।
श्री कल्याण सेवा आश्रम अमरकंटक के प्रबंध न्यासी स्वामी हिमाद्री मुनि जी महाराज ने संस्कारयुक्त शिक्षा को समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति , आध्यात्मिक मूल्यों और मानवता के आदर्शों से जुड़े रहने की प्रेरणा दी ।
समारोह में स्वामी जगदीशानंद जी महाराज , स्वामी धर्मानंद जी महाराज , स्वामी विश्वस्वरूप जी महाराज , स्वामी पुष्करानंद जी महाराज , स्वामी राघवानंद जी महाराज , स्वामी हरस्वरूप जी महाराज तथा स्वामी अग्नि बाबा की गरिमामयी उपस्थिति रही ।

विद्यालय के प्राचार्य कमलेश मिश्रा ने संस्थान की 29 वर्षों की गौरवशाली यात्रा , उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों , अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के संस्कार प्रदान करने के लिए निरंतर कार्यरत है । उन्होंने कहा कि वर्षों पूर्व रोपा गया एक छोटा-सा बीज आज विशाल बरगद का रूप ले चुका है जो परम तपस्वी बाबा कल्याण दास जी महाराज की कृपा और मार्गदर्शन का परिणाम है ।
इस अवसर पर विनोद कार्की , राजेंद्र बिष्ट , रमेश अग्रवाल , गोपाल अग्रवाल , राम सरोवर द्विवेदी (पूर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी) , राधेश्याम उपाध्याय , रणजीत सिंह , प्रकाश द्विवेदी (सांसद प्रतिनिधि अमरकंटक) , पवन तिवारी (पार्षद) , डॉ. श्रीराम त्रिपाठी (उप प्राचार्य) , राम सेवक कुशवाहा (प्राचार्य कल्याणिका महाविद्यालय) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम के मध्य में स्वामी हिमाद्री मुनि जी द्वारा फाउंडरमैन शिक्षकों डॉ रामसेवक कुशवाहा , श्रीमती अलका शर्मा , श्रीराम त्रिपाठी एवं चंद्र सिंह को शाल श्रीफल देकर सम्मानित किया गया ।

कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. श्रीराम त्रिपाठी , लुइना पल्लवी एवं विवेक सिन्हा ने किया । पत्रकार बंधुओं में धनंजय तिवारी , श्रवण कुमार उपाध्याय , उमाशंकर पाण्डेय ‘मुन्नू’ , सोमू दुबे सहित अन्य गणमान्यजनों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही ।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी संत-महात्माओं , अतिथियों , अभिभावकों , शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया । शिक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा आदर्श श्रीवास के नेतृत्व में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ ।

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन विद्यालय का 29वाँ स्थापना दिवस समारोह शिक्षा , संस्कार , संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के अद्भुत समन्वय का प्रेरक उदाहरण बनकर उपस्थित जनसमूह के हृदय में अमिट छाप छोड़ गया । कार्यक्रम के उपरांत सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण किया ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
