जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव के लिए युवाओं व श्रमिकों को किया जागरूक
साइबर जागृति अभियान के पांचवें सप्ताह में बेमेतरा पुलिस ने बताए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके
रिपोर्टर ✒️ विनय सिंह, ब्यूरो बेमेतरा
बेमेतरा। साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बेमेतरा पुलिस द्वारा भी जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं, श्रमिकों और आम नागरिकों को साइबर ठगी के तरीकों तथा उनसे बचाव की जानकारी दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भापुसे) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का एवं एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में अभियान के पांचवें सप्ताह में 13 से 19 सितंबर 2026 तक विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

इसी क्रम में 15 एवं 16 सितंबर को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मारो सहित विभिन्न ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं, श्रमिकों और आम नागरिकों को ऑनलाइन साइबर ठगी के अलग-अलग तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
नौकरी के नाम पर ठगी से रहें सावधान
अभियान के दौरान रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं और श्रमिकों को विशेष रूप से फर्जी नौकरी के विज्ञापन, ऑनलाइन जॉब ऑफर, फर्जी भर्ती एजेंसियों तथा रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन के नाम पर होने वाली ठगी के प्रति सजग किया गया।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग आकर्षक नौकरी का झांसा देकर पहले रजिस्ट्रेशन, दस्तावेज सत्यापन या नियुक्ति प्रक्रिया के नाम पर राशि जमा करने को कह सकते हैं। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर और रकम मांगी जा सकती है। ऐसे किसी भी ऑफर पर तत्काल भरोसा करने के बजाय संबंधित कंपनी या भर्ती एजेंसी की विश्वसनीयता की जांच करने की सलाह दी गई।
फिशिंग लिंक से भी खतरा
जागरूकता कार्यक्रम में फिशिंग लिंक के माध्यम से बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी चोरी किए जाने के खतरे के बारे में भी बताया गया। पुलिस ने नागरिकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध वेबसाइट या फर्जी भर्ती पोर्टल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा बैंकिंग संबंधी संवेदनशील जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को नहीं देने की समझाइश दी।
ठगी हो तो तुरंत 1930 पर करें शिकायत
बेमेतरा पुलिस ने अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित थाना अथवा साइबर सेल को घटना की जानकारी दें। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। पुलिस के अनुसार ठगी की सूचना जितनी जल्दी मिलेगी, उतनी ही जल्दी राशि को रोकने और आवश्यक कार्रवाई के प्रयास किए जा सकते हैं।
पुलिस ने युवाओं, श्रमिकों और आम नागरिकों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की है। कार्यक्रमों में विभिन्न थाना एवं चौकी के अधिकारी-कर्मचारी, युवा, श्रमिक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
