एनटीपीसी सीपत में गांधी जयंती आयोजन के साथ सफाई मित्रों का सम्मान व संविदा कर्मियों के लिए खेलकूद महोत्सव आयोजित

सीपत । एनटीपीसी सीपत में 02 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर श्री विकास खरे, महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) ने महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उपस्थित सभी सदस्यों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सफाई मित्रों के योगदान को सम्मानित किया गया। वहीं, संविदा श्रमिकों की सहभागिता, आपसी टीम भावना और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उनके लिए खेलकूद महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन एनटीपीसी सीपत की सौहार्द और सभी के कल्याण की भावना को दर्शाता है।

गांधी जयंती के अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगी एजेंसियों को संबोधित करते हुए श्री विकास खरे ने सभी से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों पर चलने की अपील की। उन्होंने ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर आधारित स्वच्छता पखवाड़े के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सभी को अपने परिवेश को स्वच्छ रखते हुए गांधीजी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने दोनों महापुरुषों के योगदान, कार्यों और देश के प्रति समर्पण की भावना को याद करते हुए उनके विनम्र एवं सरल नेतृत्व का भी उल्लेख किया।


संविदा श्रमिकों के लिए खेलकूद महोत्सव आयोजित, 300 से अधिक श्रमिकों ने लिया हिस्सा


एनटीपीसी सीपत द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में संविदा कर्मियों के लिए खेलकूद महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री विकास खरे ने किया। यह आयोजन एनटीपीसी सीपत के उत्कृष्ट प्रदर्शन में संविदा श्रमिकों के महत्वपूर्ण योगदान को पहचान देने, उनके परिश्रम एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने और उनके साथ सहभागिता की भावना को मजबूत करने की पहल है।
खेलकूद महोत्सव के अंतर्गत संविदा श्रमिकों के लिए किक द बॉल, हिट द स्टंप, गोला फेंक, होल्ड द ब्रिक्स, बैक रेस सहित करीब 15 खेलों का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में 300 से अधिक संविदा श्रमिकों ने भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य संविदा श्रमिकों की खेल गतिविधियों में भागीदारी को बढ़ावा देना तथा आपसी टीम भावना और भाईचारे को मजबूत करना था।
इस पहल की सराहना करते हुए प्रतिभागियों ने एनटीपीसी सीपत प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से आपसी टीम भावना और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है तथा सभी को मिलकर एनटीपीसी सीपत की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन में यूनियन, एसोसिएशन एवं स्पोर्ट्स काउंसिल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सफाई मित्रों का सम्मान
गांधी जयंती समारोह के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘स्वच्छता के लिए जनभागीदारी एवं जागरूकता’ को केंद्र में रखते हुए सफाई मित्रों का सम्मान किया गया। महाप्रबंधकगण एवं अन्य विभागाध्यक्ष व वरिष्ठ अधिकारियों ने सफाई मित्रों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वच्छता कार्यों में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर श्री लिंगम वेंकट रेड्डी, महाप्रबंधक (मेंटिनेंस), श्री भक्त बत्सल पात्रा, प्रमुख (मानव संसाधन), अन्य वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के सदस्य, एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी व सफाई मित्र बड़ी संख्या में सक्रिय रूप से शामिल हुए। सभी ने दोनों महान विभूतियों को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके देशहितकारी संदेशों को अपनाने और उन पर सतत आगे बढ़ने का संकल्प लिया।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
