देवी पंडाल बने जनसमस्या निवारण के केंद्र, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मां दुर्गा के चरणों में बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
नवरात्रि के पावन पर्व पर उप मुख्यमंत्री ने कबीरधाम के विभिन्न गांवों का किया दौरा, देवी दर्शन के साथ ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
मढ़मढ़ा और नेवरीगुड़ा में सड़क, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं

रायपुर । उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के पावन पर्व पर कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों का दौरा कर देवी पंडालों और मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। विशेष रूप से ग्राम मढ़मढ़ा में देवी पंडाल जनसमस्या निवारण के केंद्र के रूप में नजर आया, जहां उप मुख्यमंत्री शर्मा ने मां दुर्गा के चरणों के समीप बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं का निराकरण किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कवर्धा ग्रामीण मंडल के ग्राम मढ़मढ़ा में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और पंडाल में ही ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने दैहान के पास 3 लाख रुपए की लागत से मंच निर्माण, यादव समाज के सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 6 लाख 50 हजार रुपए, वीबी जीरामजी के अंतर्गत मुक्तिधाम में शेड निर्माण तथा पटेल समाज भवन में किचन शेड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम के वार्ड क्रमांक 9 में 6 लाख 50 हजार रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण और दैहान के पास एक एचपी क्षमता का बोर स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम की सड़कों के विकास के लिए 30 लाख रुपए के श्रममूलक कार्य तथा 15 लाख रुपए के मुरमीकरण कार्यों की भी घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम मैनपुरी पहुंचकर दुर्गा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

नेवरीगुड़ा में 36 देवी-देवताओं, 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम की आकर्षक झांकियों के किए दर्शन
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्राम नेवरीगुड़ा पहुंचकर नवरात्रि के अवसर पर स्थापित प्रसिद्ध मां दुर्गा पंडाल के दर्शन किए। इस पंडाल में छत्तीसगढ़ के 36 देवी-देवताओं, देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारों धाम के साथ अयोध्या के भगवान श्रीराम तथा भगवान जगन्नाथ की आकर्षक झांकियां स्थापित की गई हैं। उन्होंने इन धार्मिक झांकियों का अवलोकन किया और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर ग्रामीणों की मांगों पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने नेवरीगुड़ा में सिसरी घाट, मंदिर परिसर में यज्ञ स्थल निर्माण और मेला स्थल पर सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्राम दुल्लापुर में 2.60-2.60 लाख रुपए की लागत से दो सीसी सड़कों के निर्माण तथा शहीद नरेश शर्मा के स्मारक के पास 2 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की अन्य आवश्यकताओं की भी जानकारी ली।
सूरजपुरा के प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर में की पूजा-अर्चना
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने प्रवास के दौरान ग्राम सूरजपुरा स्थित प्रसिद्ध मां राजोदाई मंदिर पहुंचकर देवी दर्शन किए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्होंने नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने ग्रामीण प्रवास के दौरान धार्मिक आयोजनों में सहभागिता के साथ जनसंपर्क को भी प्राथमिकता दी। उन्होंने विभिन्न गांवों में नागरिकों से सीधे संवाद कर स्थानीय आवश्यकताओं और जनसमस्याओं की जानकारी ली। नवरात्रि के अवसर पर देवी दर्शन के साथ ग्रामीणों की मांगों के अनुरूप सड़क, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास की घोषणाएं इस प्रवास की प्रमुख गतिविधियां रहीं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
