कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने पदभार ग्रहण किया


बेमेतरा । बेमेतरा जिले की नव पदस्थ कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज जिला कार्यालय कलेक्ट्रेट, बेमेतरा पहुंचकर विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं जिला बेमेतरा की 12वीं कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ अधिकारियों से सौजन्य भेंट कर परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर जिले के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं नारायणपुर जिले में कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
कलेक्ट्रेट कार्यालय की विभागीय शाखाओं का किया निरीक्षण
पदभार ग्रहण करने के पश्चात कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यालयों एवं शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं शाखा प्रभारियों को प्रशासनिक कार्यों के निर्वहन में दक्षता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर सुश्री ममगाईं ने कहा कि शासन की मंशानुरूप विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति एवं समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन सर्वोच्च प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शीघ्र राहत प्रदान करना जिला प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

