महापौर ने ली सभी 10 जोन अध्यक्षों की समीक्षा बैठक

0
IMG-20251223-WA1045.jpg

शहरवासियों को बेहतर सफाई व पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं देने पर जोर

रायपुर। नगर निगम मुख्यालय भवन में बुधवार को महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में नगर निगम के सभी 10 जोन अध्यक्षों की एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर साफ-सफाई, नियमित पेयजल आपूर्ति सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की स्थिति की गहन समीक्षा करना रहा।

बैठक में महापौर ने स्पष्ट कहा कि रायपुर शहर में निवासरत प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए जोन स्तर पर नियमित समीक्षा, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने जोन अध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखें और किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं।

समीक्षा के दौरान सभी जोन अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। विशेष रूप से रामकी कंपनी द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियों की संख्या कम होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जोन अध्यक्षों ने बताया कि पर्याप्त गाड़ियां नहीं होने के कारण नियमित कचरा संग्रहण में दिक्कतें आ रही हैं। इस पर महापौर ने कंपनी प्रबंधन को निर्देश दिए कि कचरा संग्रहण गाड़ियों की संख्या बढ़ाई जाए और शहर में सुचारू एवं प्रभावी कचरा संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में प्रत्येक जोन के अंतर्गत आने वाले वार्डों में सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पेयजल आपूर्ति की नियमितता और नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने जोन अध्यक्षों से जमीनी हकीकत की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निराकरण आपसी समन्वय के साथ किया जाए।

महापौर ने दो टूक कहा कि स्वच्छता और जल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जोन अध्यक्षों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, समस्याओं का समय-सीमा में समाधान करने और नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित नगरीय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जोन 1 अध्यक्ष गज्जू साहू, जोन 3 अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 5 अध्यक्ष अबर अग्रवाल, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, जोन 7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, जोन 8 अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, जोन 9 अध्यक्ष गोपेश साहू तथा जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेधानी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!