लालपुर ब्रिज चौक से हटे अवैध ठेले, यातायात जाम से मिली राहत

0
Screenshot_20251223_192740.jpg

टीम प्रहरी अभियान के तहत निगम जोन 10 की सख्त कार्रवाई, 20 से अधिक ठेले हटाए गए

रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन एवं नगर निगम लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत रायपुर नगर निगम जोन क्रमांक 10 क्षेत्र में लालपुर ब्रिज के पास चौक के आसपास फैले अवैध ठेलों पर बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान लगभग 20 से अधिक अवैध ठेलों को हटाकर मार्ग को कब्जामुक्त किया गया, जिससे लंबे समय से चली आ रही यातायात जाम की समस्या का तत्काल समाधान हुआ।

प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर की गई। जोन 10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के मार्गदर्शन में नगर निगम मुख्यालय नगर निवेश उड़न दस्ता एवं जोन 10 नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया।

अभियान के दौरान सहायक अभियंता योगेश यदु, सुशील अहीर, उप अभियंता अजय श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि लालपुर ब्रिज चौक के आसपास मुख्य मार्ग पर अवैध ठेलों के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और कार्यालय जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

नगर निगम की टीम ने सभी अवैध ठेलों को हटाकर सड़क को पूरी तरह साफ कराया, जिससे आवागमन सुचारू हो सका। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सामान्य हुई और नागरिकों ने राहत की सांस ली।

अधिकारियों ने ठेला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में पुनः मार्ग पर कब्जा कर ठेले लगाए गए तो सघन अभियान चलाकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में अवैध कब्जे हटाए गए थे, लेकिन दोबारा कब्जा जमाने पर आज पुनः कार्रवाई की गई।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टीम प्रहरी अभियान जनहित में लगातार जारी रहेगा और शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता एवं जनसुविधा में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!