NTPC World Environment Day

मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की ‘पहल’ ने 40 हजार बच्चों को सफल जीवन की राह दिखाई

0
IMG_20251011_103640_098.jpg

मुंगेली । जिले में पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में संचालित जागरूकता अभियान “पहल” निरंतर नई मिसालें कायम कर रहा है। इस विशेष अभियान के माध्यम से अब तक 40 हजार से अधिक बच्चों को जीवन में सफलता, अनुशासन और आत्म-सुरक्षा के लिए प्रेरित किया जा चुका है।

“पहल” कार्यशालाओं के दौरान पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल स्वयं विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों को जीवन की वास्तविकता के तीन मूलभूत सिद्धांत — दैहिक, दैविक और भौतिक — का अर्थ समझाते हुए बताया कि सबसे पहले अपने शरीर की सुरक्षा, मन की एकाग्रता और उपलब्ध संसाधनों में संतुष्टि ही सफलता की कुंजी है।

पटेल ने अपने बचपन के अनुभवों, संघर्ष और माता-पिता से मिले संस्कारों को साझा करते हुए बच्चों को अनुशासित जीवन शैली अपनाने और स्वस्थ रहने की प्रेरणा दी।

अभियान के अंतर्गत मुंगेली पुलिस अधिकारी और “पहल” टीम लगातार ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशा, सुरक्षित यातायात, तथा महिलाओं और बालिकाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम पर जागरूकता फैला रहे हैं। कार्यशालाओं में छात्रों को नशे के दुष्परिणाम, ऑनलाइन ठगी से बचाव के तरीके, यातायात नियमों की जानकारी और कानूनी जागरूकता दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बच्चों से कहा कि मोबाइल का सीमित उपयोग करें, अच्छे विचार और संस्कार अपनाएं, पूर्ण शिक्षा प्राप्त करें और लक्ष्य प्राप्त कर एक सफल, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनें।

“पहल” कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों बल्कि आम नागरिकों के लिए भी सुरक्षित और सफल जीवन की प्रेरणा का माध्यम बनता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!