टीम प्रहरी की सख्त कार्रवाई, जोन-1 में अवैध निर्माण ध्वस्त, 16 एकड़ में अवैध प्लाटिंग पर रोक

0
Screenshot_20260107_194051.jpg

रायपुर । शहर में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत नगर निगम रायपुर के जोन-1 क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाकर कई स्थानों पर अवैध निर्माणों को तोड़ा गया और अवैध प्लाटिंग पर प्रभावी रोक लगाई गई।

इस अभियान का नेतृत्व जोन-1 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में किया गया। मौके पर कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख, उप अभियंता अंकिता सोनवर्षा सहित नगर निगम जोन-1, नगर निवेश विभाग एवं मुख्यालय की उड़नदस्ता टीम संयुक्त रूप से उपस्थित रही।

मनपुरी से बसंत विहार तक चला निगम का बुलडोजर
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जोन-1 अंतर्गत भनपुरी से खमतराई मार्ग पर एक स्थान पर अवैध रूप से निर्माणाधीन शेड को मौके पर ही तोड़ दिया गया। वहीं बसंत विहार गेट नंबर-1 के पास निर्मित लगभग 10 अवैध दुकानों को अभियानपूर्वक ध्वस्त किया गया। इसके साथ ही गोविंद नगर एवं अन्य क्षेत्रों में निर्माणाधीन करीब 7 मकानों को भी नियमानुसार तोड़ा गया।

अवैध रो-हाउस पर भी कड़ी कार्रवाई
जोन-1 क्षेत्र में 5-5 की श्रृंखला में बनाए जा रहे अवैध रो-हाउस भी नगर निगम की कार्रवाई से नहीं बच सके। अभियान के तहत इन अवैध रो-हाउसों को तोड़कर हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि इसके अतिरिक्त अन्य कई स्थानों पर भी अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की गई है।

16 एकड़ निजी भूमि पर अवैध प्लाटिंग पर कारगर रोक
नगर निगम जोन-1 क्षेत्र के बसंत विहार एवं विध्य नगर में लगभग 16 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी प्रभावी कार्रवाई की गई। अवैध प्लाटिंग के लिए बनाए गए कच्चे मार्गों को जेसीबी मशीन से काटकर आवागमन अवरुद्ध किया गया, जिससे आगे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न हो सके।

26 भवन स्वामियों ने दिया राजीनामा आवेदन
नगर निगम की सख्त कार्रवाई का असर यह रहा कि बसंत विहार एवं विध्य नगर क्षेत्र के 26 भवन स्वामियों ने नगर निगम जोन-1 नगर निवेश विभाग के समक्ष राजीनामा हेतु आवेदन प्रस्तुत किए हैं।

प्रशासन का दो टूक संदेश
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। शहर के सुव्यवस्थित विकास और नागरिक हित को ध्यान में रखते हुए टीम प्रहरी अभियान के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!