टीम प्रहरी की बड़ी कार्रवाई, जोन-1 में अवैध निर्माण और प्लाटिंग पर चला निगम का बुलडोजर


रायपुर । शहर में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश तथा नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डी. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम जोन-1 क्षेत्र में एक साथ कई स्थानों पर अभियानात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम जोन-1 क्षेत्र में जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चदवशी के मार्गदर्शन में नगर निगम और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता द्रोणी कुमार पैकरा, सहायक अभियंता शरद देशमुख, उप अभियंता अकिता सोनवर्षा सहित नगर निगम जोन-1 और मुख्यालय नगर निवेश विभाग की उड़नदस्ता टीम मौके पर मौजूद रही।


मनपुरी, बसंत विहार और गोविंद नगर में बड़ी कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार भनपुरी से खमतराई जाने वाले मार्ग पर मनपुरी क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माणाधीन एक शेड को मौके पर तोड़ने की कार्रवाई की गई। वहीं बसंत विहार गेट नंबर-1 के पास निर्मित लगभग 10 अवैध दुकानों को अभियानपूर्वक ध्वस्त किया गया। इसके अलावा गोविंद नगर एवं अन्य क्षेत्रों में निर्माणाधीन करीब 20 मकानों को भी नियमानुसार तोड़ा गया।

अवैध रो-हाउस भी नहीं बचे
जोन-1 क्षेत्र में 5-5 की सीरीज में बनाए गए अवैध रो-हाउस पर भी नगर निगम का बुलडोजर चला। नगर निवेश विभाग द्वारा इन अवैध रो-हाउस को अभियान के तहत तोड़कर हटाया गया। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न अन्य स्थानों पर भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है।
10 एकड़ निजी भूमि पर अवैध प्लाटिंग पर लगाम
कार्रवाई के दौरान जोन-1 क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर लगभग 10 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी प्रभावी रोक लगाई गई। अवैध प्लाटिंग के लिए बनाए गए रास्तों को जेसीबी मशीन की सहायता से काटकर आवागमन अवरुद्ध किया गया, जिससे आगे किसी भी प्रकार का निर्माण या बिक्री न हो सके।
प्रशासन का सख्त संदेश
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किए गए निर्माण और अवैध प्लाटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर के सुव्यवस्थित विकास और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगे भी टीम प्रहरी अभियान के तहत ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी। इस संयुक्त कार्रवाई को शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी सख्त पहल माना जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



