स्वामित्व योजना में तेजी लाने कलेक्टर वर्मा के निर्देशअधिकार अभिलेख वितरण की तैयारी, राजस्व प्रकरणों की तहसीलवार समीक्षा


रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कवर्धा । कलेक्टर गोपाल वर्मा ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों का वितरण तय समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण लोगों को मकान और भूमि पर कानूनी अधिकार देने की महत्वपूर्ण पहल है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार कर वितरण की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।


कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर वर्मा ने समय-सीमा से बाहर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरती जाए और नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किया जाए।

बैठक में अविवादित नामांतरण, अविवादित खाता विभाजन, त्रुटि सुधार जैसे मामलों में अनावश्यक देरी नहीं करने और तय समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विवादित प्रकरणों में भी पूर्व निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करने को कहा गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन तहसीलों की प्रगति कम है, वहां विशेष ध्यान देकर कार्यों में तेजी लाई जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर विनय पोयाम, नरेंद्र पैकरा, एसडीएम पंडरिया संदीप ठाकुर, एसडीएम कवर्धा चेतन साहू, एसडीएम बोड़ला सागर सिंह, एसडीएम सहसपुर लोहारा शिल्पा देवांगन, डिप्टी कलेक्टर आर.बी. देवांगन सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर वर्मा ने लघु सिंचाई संगणना एवं द्वितीय जल निकाय गणना कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि राजस्व निरीक्षकों के माध्यम से पटवारियों से मोबाइल एप के जरिए इन कार्यों को प्राथमिकता से कराते हुए शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। साथ ही एसआईआर के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा कर उनमें भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



