जिला अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित, 117 का पंजीयन, 94 सर्जरी के लिए चयनित


अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत रायपुर एम्स में होगा नि:शुल्क ऑपरेशन
रिपोर्टर: कमलेश सिंह
कवर्धा । भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत जिले के वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोतियाबिंद सर्जरी हेतु चिन्हांकन शिविर का आयोजन 22 जनवरी 2026 को जिला चिकित्सालय कबीरधाम में किया गया। यह शिविर समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय जनपद पंचायत और नगरीय निकाय के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



शिविर में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए। प्राप्त जानकारी के अनुसार कवर्धा विकासखंड से 36, बोड़ला से 36, पंडरिया से 20 तथा सहसपुर लोहारा से 25 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन किया गया। इस प्रकार कुल 117 वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 94 वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद सर्जरी के लिए चिन्हांकित किया गया है।

शिविर में चिन्हांकित किए गए सभी वरिष्ठ नागरिकों का मोतियाबिंद ऑपरेशन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में कराया जाएगा। संभावित रूप से यह सर्जरी 1 फरवरी 2026 से प्रारंभ होगी। ऑपरेशन की तिथि एवं अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित हितग्राहियों को पृथक से उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग कबीरधाम की उपसंचालक अभिलाषा पंडा, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन एवं अधीक्षक केशव ध्रुव, नेत्र सर्जन डॉ. क्षमा चोपड़ा, नेत्र सहायक अधिकारी धीरेन्द्र शर्मा, अनामिका मढ़रिया, देवकुमार कौशिक (अधीक्षक, दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय, सिंघनपुरी) सहित समाज शिक्षा संगठक, पंचायत कर्मचारी एवं समाज कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के शिविरों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना है, ताकि वे बेहतर दृष्टि और स्वस्थ जीवन के साथ आत्मनिर्भर बन सकें।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



