दंडवत नर्मदा परिक्रमा कर रही माता से मारपीट की शिकायत , पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – माँ नर्मदा जी की उद्गम स्थली एवं पवित्र नगरी अमरकंटक में दंडवत प्रणाम करते हुए नर्मदा परिक्रमा कर रही एक महिला परिक्रमा वासी जिन्होंने अपना नाम माता जी बताया , के साथ मारपीट का मामला सामने आया है । पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले पर जांच शुरू कर दी है ।
जानकारी के अनुसार दंडवत नर्मदा परिक्रमा करते हुए वे चौमासा पूर्व अमरकंटक पहुँची थी । माता जी ने पूरा चौमासा का समय अमरकंटक–जालेश्वर मार्ग पर व्यतीत किया । इसके पश्चात वे गणेश धुना के आगे गायत्री डैम के समीप आकर पुनः रुकी हुई हैं । माता जी ने बताया कि वे महाशिवरात्रि के बाद पुनः दंडवत प्रणाम करते हुए आगे की परिक्रमा प्रारंभ करेंगी ।
परिक्रमा वासी माता जी के अनुसार लगभग दो सप्ताह पूर्व रात्रि के समय कुछ स्थानीय व्यक्तियों द्वारा उनके साथ गाली-गलौच एवं मारपीट की गई । इस संबंध में उन्होंने थाने में शिकायत की हैं , जिस पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है ।
परिक्रमा वासी माता जी ने बताया कि एक स्थानीय व्यक्ति जो उनकी कुटिया के पास दुकान भी लगाता है उनसे किसी पारिवारिक विवाद को लेकर जानकारी मांगने आया था । माता जी द्वारा अधिक जानकारी न होने की बात कहते हुए केवल नशे के सेवन को कम करने की सलाह दी गई थी । इसी बात पर वह व्यक्ति आक्रोशित हो गया और गाली-गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट किया जिससे उन्हें चोट आई ।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और प्रारंभिक जांच के बाद मामले को संज्ञान में लिया । पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




