प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से सुरक्षित हुई महिलाओं की रसोई, धुएँ से मिली मुक्ति

0
IMG-20260122-WA1006.jpg


ग्राम सौगना की धनाइया पटेल को मिला उज्ज्वला गैस कनेक्शन, रसोई बनी धुआँ-मुक्त

रिपोर्टर: कमलेश सिंह

कवर्धा। जब रसोई से धुआँ हटता है, तब केवल दीवारें ही साफ नहीं होतीं, बल्कि एक महिला की सेहत, समय और आत्मसम्मान भी सुरक्षित होता है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना ने कबीरधाम जिले की महिलाओं के जीवन में ऐसा ही सकारात्मक बदलाव लाया है। इस योजना के माध्यम से जिले के ग्राम सौगना निवासी श्रीमती धनाइया पटेल की रसोई अब धुएँ से मुक्त होकर सुरक्षित और सुविधाजनक बन गई है।

श्रीमती धनाइया पटेल ने ग्राम पंचायत के माध्यम से उज्ज्वला योजना के अंतर्गत आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के पश्चात उन्हें निःशुल्क गैस कनेक्शन, सिलेंडर एवं चूल्हा उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही वर्षों से चली आ रही धुएँ भरी रसोई की परेशानी से उन्हें स्थायी राहत मिली।

धनाइया पटेल बताती हैं कि पहले लकड़ी से खाना बनाना बेहद कठिन था। बरसात के मौसम में गीली लकड़ी जलाना मुश्किल हो जाता था, आग जलाने में काफी समय लगता था और पूरी रसोई धुएँ से भर जाती थी। कई बार अचानक मेहमान आ जाने पर भोजन बनाना और भी परेशानी भरा हो जाता था। छोटी सी रसोई में उठने वाला धुआँ उनकी आँखों और स्वास्थ्य पर सीधा असर डालता था।

उज्ज्वला योजना का लाभ मिलने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। वे खुशी जाहिर करते हुए कहती हैं कि अब एक चिंगारी में चूल्हा जल जाता है और कम समय में खाना तैयार हो जाता है। न धुआँ है, न आँखों में जलन। बच्चों को भूख लगने पर तुरंत भोजन उपलब्ध करा पाती हैं। अब न तो लकड़ी इकट्ठा करने की चिंता रहती है और न ही धुएँ से होने वाली परेशानियाँ।

उन्होंने बताया कि गैस कनेक्शन मिलने से समय की बचत हो रही है और स्वास्थ्य में भी पहले की तुलना में सुधार आया है। उज्ज्वला योजना ने उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान, सुरक्षित और सम्मानजनक बना दिया है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना ने कबीरधाम जिले की हजारों महिलाओं की रसोई में बदलाव लाया है। यह योजना केवल गैस कनेक्शन देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य, सुविधा और आत्मसम्मान प्रदान करने की एक सशक्त पहल बनकर सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!