जिले के सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा — कलेक्टर गोपाल वर्माधान खरीदी में दिक्कत वाले किसानों की सूची बनाने के निर्देश, दशरंगपुर केंद्र का निरीक्षण

0
IMG-20260122-WA1000.jpg

रिपोर्टर: कमलेश सिंह

कवर्धा। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा और किसी भी किसान का धान खरीदी से नहीं छूटेगा। उन्होंने यह बात धान खरीदी केंद्र दशरंगपुर के निरीक्षण के दौरान कही। निरीक्षण के समय कलेक्टर ने पंजीयन, तकनीकी त्रुटि अथवा अन्य कारणों से धान बेचने में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।

खाद्य अधिकारी ने बताया कि दशरंगपुर केंद्र में तकनीकी कारणों से दो किसानों के धान खरीदी में परेशानी आ रही है। इस पर कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में ऐसे किसानों की पहचान की जाए, जिनका किसी भी कारण से धान विक्रय नहीं हो पा रहा है। उन्होंने समिति-वार और केंद्र-वार सूची तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि सूची में यह स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए कि किसान को किन कारणों से समस्या आ रही है।

कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी धान खरीदी केंद्र में कोई किसान धान विक्रय से छूट गया है, तो उसकी संपूर्ण जानकारी समिति स्तर पर संधारित की जाए। सूची में यह भी उल्लेख हो कि समस्या कैरी फॉरवर्ड, रकबा संशोधन, नया पंजीयन अथवा एग्रीस्टेक से संबंधित है या किसी अन्य कारण से उत्पन्न हुई है। सभी वास्तविक कारणों की पुष्टि के बाद इन किसानों की सूची उच्च स्तर पर भेजी जाएगी, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर समाधान निकाला जा सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी धान खरीदी केंद्रों के नोडल अधिकारी और संबंधित तहसीलदार ऐसे किसानों की सूची अनिवार्य रूप से तैयार करें, ताकि किसी भी पात्र किसान का धान खरीदी से वंचित न रह जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान की स्टैकिंग व्यवस्था का जायजा लिया और धान की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने धान उठाव की जानकारी लेते हुए उठाव कार्य को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों के रकबा समर्पण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक रकबा समर्पण कराने पर जोर दिया, ताकि धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम ने बताया कि अब तक जिले में 21 हजार 58 किसानों द्वारा 623.2374 हेक्टेयर रकबा समर्पण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान सीसीबी नोडल आरपी मिश्रा, खाद्य निरीक्षक अमित द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!