गौ सम्मान आह्वान अभियान:नपा अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर गौ सेवकों को किया रवाना


मुंगेली । नगर से गौ सेवा और गौ संरक्षण के उद्देश्य को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। मध्य प्रदेश के उज्जैन में आयोजित होने जा रहे गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौ प्रचारकों एवं सहयोगियों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए मुंगेली नगर के गौ सेवकों का एक दल उज्जैन के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर गौ सेवकों के दल को रवाना किया साथ ही इस अभियान की सफलता के लिए गौ सेवकों को शुभकामनाएं दी,कार्यक्रम के दौरान गौ सेवकों में विशेष उत्साह और संकल्प देखने को मिला। यह प्रशिक्षण शिविर 22 जनवरी से 25 जनवरी तक उज्जैन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से आए गौ भक्त,गौ सेवक,साधु-संत एवं समाजसेवी भाग लेंगे।
शिविर के दौरान गौ सेवकों द्वारा शासन के समक्ष प्रमुख मांगें रखी जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने,गौ माता की सुरक्षा हेतु केंद्र सरकार द्वारा कठोर कानून बनाए जाने, तथा भारतवर्ष में गौ हत्या को पूर्ण रूप से बंद कराने की मांग शामिल है। इन विषयों पर गंभीर मंथन कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रशिक्षण शिविर में साधु-संतों एवं गौ भक्तों के मार्गदर्शन में गौ संरक्षण आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी। आयोजकों ने देशभर के सभी गौ भक्तों,सेवकों एवं श्रद्धालुओं से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गौ माता के सम्मान और संरक्षण हेतु एकजुट होने की अपील की है। यह अभियान न केवल गौ सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा,बल्कि गौ माता को राष्ट्रव्यापी सम्मान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




