उप मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा का किया लोकार्पण छत्रपति शिवाजी का जीवन देता है राष्ट्रप्रेम की सीख – उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
रिपोर्टर ✒️ कमलेश सिंह
कवर्धा । छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के पावन अवसर पर कवर्धा शहर में छत्रपति शिवाजी चौक पर स्थापित उनकी भव्य प्रतिमा का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
छत्रपति शिवाजी चौक में स्थापित प्रतिमा को विशेष भव्यता देने के लिए इसके पार्श्व में किले की दीवार और दोनों ओर तोपों की प्रतिकृति बनाई गई है। इससे पूरा स्थल ऐतिहासिक और प्रेरणादायी स्वरूप में नजर आ रहा है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। अदम्य साहस और वीरता के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा उनकी जन्म जयंती पर स्थापित होना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी का व्यक्तित्व और जीवन युवाओं के लिए पथ प्रदर्शक है। उन्होंने मुगल आतंक को चुनौती देकर जिस प्रकार एक सशक्त साम्राज्य की नींव रखी, वह आज भी राष्ट्रप्रेम और आत्मसम्मान की सीख देता है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगी।
प्रदेश में नक्सलवाद पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सशस्त्र नक्सलवाद के खात्मे के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में बस्तर से लाल आतंक के समूल नाश की दिशा में निर्णायक स्थिति बनी है।
उन्होंने कवर्धा में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्षों से बहुप्रतीक्षित योजनाओं का अब क्रियान्वयन शुरू हो चुका है। 300 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन हो चुका है और कार्य प्रगति पर है। लक्ष्य है कि जल्द ही यहां 50 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज की पढ़ाई शुरू हो। इसके अलावा लगभग 11 करोड़ की लागत से घोटिया रोड का निर्माण और 10 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे नए बस स्टैंड और मेडिकल कॉलेज तक आवागमन सुगम होगा।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि भोरमदेव मंदिर परिसर के उन्नयन के लिए 146 करोड़ रुपये की लागत से भव्य कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें मड़वा महल, छेरकी महल और रामचुंवा को भी शामिल किया गया है। वहीं बूढ़ा महादेव मंदिर परिसर के उन्नयन, नदी तट सौंदर्यीकरण और कांवड़िया सदन निर्माण की भी योजना है।
शहर में हनुमंत वाटिका का निर्माण हो चुका है, जहां लोग परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए 4.5 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक वातानुकूलित नालंदा परिसर का निर्माण तेज गति से चल रहा है, जिसे 24×7 संचालित करने की योजना है। रायपुर और बिलासपुर रोड पर फोरलेन निर्माण के लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शहर में चौपाटी का लोकार्पण भी शीघ्र किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दुर्ग ग्रामीण ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने देश को एकजुट करने में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनका व्यक्तित्व आज भी उतना ही प्रेरणादायी है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि छत्रपति शिवाजी ने अल्पायु में ही मुगल सल्तनत के अत्याचारों के विरुद्ध हिन्द स्वराज्य की स्थापना की। उनकी स्मृति में इस चौक पर प्रतिमा की स्थापना से शहर को नई पहचान मिली है। उन्होंने प्रतिमा निर्माण के लिए 46.60 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने पर उप मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, कृषक कल्याण परिषद अध्यक्ष , राज्य पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण सदस्य , जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




