चलती कार में लगी आग, चालक व सवारों ने कूदकर बचाई जान
चंदियाभांटा रोड के नहर मार्ग पर घटना, कुछ ही मिनटों में कार जलकर हुई खाक
लोरमी । चंदियाभांटा रोड स्थित नहर मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नई कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार चालक एवं अन्य लोग दरवाजे खोलकर कूदे और किसी तरह जान बचाई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही समय में पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवरहट मंडल अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री के जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिजराकछार जा रहे थे। इसी दौरान नहर मार्ग पर अज्ञात कारणों से कार में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप कार में सवार नहीं थे, जबकि चालक और अन्य साथी वाहन में मौजूद थे।
आग लगते ही चालक व सवारों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना संबंधित चौकी को दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, वहीं वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




