ग्राम सिल्ली में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव,ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त

0
Screenshot_20260222_133407

नाली, पेयजल, गौचर भूमि और तालाब की समस्या को लेकर कलेक्टर से की गई शिकायत

मुंगेली जिले के ग्राम सिल्ली में मूलभूत सुविधाओं की कमी ने ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। नाली निर्माण के अभाव, पेयजल संकट, गौचर भूमि पर बेजा कब्जा और शासकीय तालाब की बदहाली से जूझ रहे ग्रामवासियों ने कलेक्टर को लिखित आवेदन सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आज तक नाली निर्माण का कार्य नहीं कराया गया है। घरों में नहाने व अन्य घरेलू उपयोग का पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और आवागमन में दिक्कतें बढ़ गई हैं। बरसात के दिनों में यही पानी कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

हर घर जल योजना ठप, ग्रामीण पानी को भटकने मजबूर
ग्रामीणों के अनुसार जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना के लिए पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन आज तक नियमित जल आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। पाइपलाइन बंद पड़ी होने से ग्रामीण हैंडपंप और सीमित जल स्रोतों पर निर्भर हैं। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और विकराल हो जाती है।

गौचर भूमि पर कब्जा, गौठान नहीं होने से बढ़ी परेशानी
आवेदन में बताया गया है कि गांव की गौचर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा बेजा कब्जा कर मकान निर्माण किया जा रहा है। इससे पशुओं के लिए चारागाह की भूमि लगातार घटती जा रही है। वहीं गांव में गौठान की व्यवस्था नहीं होने के कारण आवारा पशु सड़कों और खेतों में घूमते रहते हैं, जिससे किसानों की फसल को नुकसान हो रहा है।

शासकीय तालाब बदहाल, पानी के लिए हाहाकार
ग्राम का शासकीय तालाब भी बदहाली का शिकार है। तालाब में पानी की भारी कमी के कारण उसमें घास-फूस उग आई है। पानी नहीं होने से ग्रामीणों को नहाने, धोने और पशुओं को पानी पिलाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तालाब के पास खनन किया गया बोरवेल भी खराब हो चुका है, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं कराई गई, परिणामस्वरूप तालाब पूरी तरह सूख गया है।

ग्रामीणों की एकजुट मांग, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपील
ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं के चलते गांव का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम सिल्ली में नाली निर्माण कराया जाए, जल जीवन मिशन के तहत जल आपूर्ति शीघ्र शुरू हो, गौचर भूमि से अतिक्रमण हटाया जाए, गौठान की व्यवस्था की जाए तथा शासकीय तालाब और बोरवेल की मरम्मत कराई जाए।

इस अवसर पर ग्रामवासियों की ओर से दिलीप कोटवार, जागेश्वरी साहू (पंच), धनीराम, अजय नेताम, निहोरा विश्वकर्मा, संतोष यादव, राजेंद्र साहू, निर्मल, भगवानी, जैजेराम साहू, तुकराम, नरेंद्र सिंह एवं प्रविन साहू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि ग्राम सिल्ली के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें और उनका जनजीवन फिर से सामान्य हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!