अमरकंटक के रामघाट में नेत्रहीन युवक की डूबने से हुई मृत्यु
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली एवं पावन नगरी अमरकंटक स्थित रामघाट में रविवार दोपहर एक दुखद घटना में नेत्रहीन युवक शिरीष नामदेव (25 वर्ष) की नर्मदा नदी में स्नान के दौरान डूबने से असमय मृत्यु हो गई ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिरीष नामदेव पिता राज नारायण नामदेव निवासी रीवा जो जबलपुर स्थित शासकीय राज अपंग संस्थान में अध्ययनरत थे । वे लगभग 45 नेत्रहीन छात्रों के समूह के साथ नर्मदा दर्शन एवं पर्यटन हेतु अमरकंटक आए हुए थे । उनके साथ 24 नेत्रहीन छात्राएं (निजी संस्थान से) तथा शिक्षक एवं कर्मचारी भी मौजूद थे । कुल मिलाकर लगभग 86 छात्र-छात्राएं , शिक्षक एवं कर्मचारी रामघाट में स्नान कर रहे थे ।
दोपहर लगभग 1 बजे स्नान के दौरान शिरीष गहरे पानी में चले गए । साथ में स्नान कर रहे अन्य साथी भी नेत्रहीन होने के कारण स्थिति को तुरंत समझ नहीं सके । कुछ समय बाद जब उनका सामान घाट पर रखा मिला और वे दिखाई नहीं दिए तो साथियों को अनहोनी की आशंका हुई । खोजबीन के बाद नदी में डूबने की सूचना स्थानीय पुलिस थाना अमरकंटक को दी गई ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान शुरू किया गया । करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया । नगर परिषद अमरकंटक वार्ड क्रमांक 8 कपिला संगम निवासी कृष्ण कुमार चौहान ने अथक प्रयास कर शव को बाहर निकाला । इससे पूर्व होमगार्ड जवान भगवत सिंह , मनमोहन राठौर तथा जलगांव (महाराष्ट्र) से आए एक युवक ने भी खोजबीन में सहयोग किया ।
घटना स्थल पर थाना अमरकंटक के नगर निरीक्षक लाल बहादुर तिवारी , उप निरीक्षक पी.एस. बघेल , सहायक उप निरीक्षक ईश्वर यादव सहित पुलिस बल मौजूद रहा । प्रधान आरक्षक पूरन सिंह , कृष्णा सिंह राजावत एवं अमलेश बघेल भी मौके पर उपस्थित थे । अमरकंटक हल्का पटवारी अश्विनी कुमार तिवारी एवं तहसीलदार ज्ञान दास पनिका ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली ।
पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर प्रकरण विवेचना में लिया गया है तथा घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है ।
यह घटना अमरकंटक जैसे धार्मिक स्थल पर आई सुरक्षा व्यवस्थाओं की आवश्यकता की ओर संकेत करती है । स्थानीय जनों ने घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा एवं निगरानी की मांग की है ।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




