NTPC World Environment Day

पाराघाट में राशि स्टील एंड पावर प्लांट पर प्रदूषण के गंभीर आरोप, ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग

0
Screenshot_20260227_221704

रिपोर्टर ✒️ रूपचंद रॉय

पाराघाट/जयरामनगर (तहसील मस्तूरी, जिला बिलासपुर) ।
तहसील मस्तूरी अंतर्गत पाराघाट में स्थित राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड पर वायु व जल प्रदूषण फैलाने तथा पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं। पाराघाट सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट से निकलने वाला दूषित धुआं, रसायनयुक्त पानी और ठोस अपशिष्ट खेत-खलिहानों, पेड़-पौधों और पशुओं को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार प्लांट से निकलने वाला गंदा पानी बिना शोधन सीधे लीलागर नदी में छोड़ा जा रहा है। इससे नदी का पानी न तो पीने योग्य रहा है और न ही नहाने लायक। इसके कारण आसपास के गांवों में जल संकट के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि प्रदूषण से फसल उत्पादन प्रभावित हो रहा है और भूमि की उर्वरता लगातार घट रही है, बावजूद इसके प्लांट प्रबंधन की ओर से अब तक किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया गया।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि प्लांट परिसर के चारों ओर जाली तार व घेराबंदी कर मुख्य मार्ग को बाधित कर दिया गया है, जिससे आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है। भारी ट्रेलरों की निरंतर आवाजाही से सड़कों की हालत खराब हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पशुपालकों ने बताया कि प्रदूषित धुएं के कारण पशु बीमार पड़ रहे हैं, जबकि पशु संरक्षण संबंधी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए, पर्यावरणीय नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, प्रदूषण पर रोक लगाने के प्रभावी उपाय किए जाएं तथा प्रभावित किसानों और ग्रामीणों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!