ब्राउन शुगर सहित 5 आरोपियों को पकड़ने में मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता

0
IMG-20260301-WA1109

नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत कार्रवाई, 3.81 लाख का माल जब्त

मुंगेली। भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान के तहत अवैध नशे के कारोबार पर मुंगेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत थाना जरहागांव क्षेत्र से ब्राउन शुगर की बिक्री में लिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर, 6 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन सहित कुल करीब 3 लाख 81 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।

शमशान घाट के पास होनी थी बिक्री, मुखबिर की सूचना पर दबिश

नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अति. पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में 1 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जरहागांव निवासी समीर कश्यप अपने अन्य साथियों के साथ बाहर से ब्राउन शुगर लाकर जरहागांव शमशान घाट के पास बिक्री करने के लिए इकट्ठा हो रहा है।

सूचना की तस्दीक के बाद जिले की साइबर सेल और थाना जरहागांव पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। शमशान घाट के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की गई, जहां मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार 5 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, प्रयागराज से लाने की बात कबूली

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम—

1. समीर कश्यप,
2. सियाराम कश्यप,
3. विरेंद्र श्रीवास,
4. लोकेश उर्फ लक्की कश्यप,
5. रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा—
बताए। मौके पर उपस्थित गवाहों के समक्ष विधिवत तलाशी लेने पर 05 अलग-अलग पारदर्शी जिपर पॉलिथिन में रखी ब्राउन शुगर, कुल वजन 53.51 ग्राम, कीमत लगभग 2 लाख 65 हजार रुपए बरामद की गई। अलग-अलग पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी समीर कश्यप नैनी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से नगद व फोन-पे के जरिए ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और अन्य आरोपियों के लिए भी नशा उपलब्ध कराता था।

मोबाइल, बाइक और तौल मशीन समेत 3.81 लाख की जप्ती

पुलिस ने मौके से—

ब्राउन शुगर: 53.51 ग्राम (कीमत करीब ₹2,65,000)
06 मोबाइल फोन: कीमत करीब ₹50,000
होंडा साइन मोटरसाइकिल (CG 28 P 1199, नीले रंग की): कीमत करीब ₹65,000
01 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन: कीमत करीब ₹1,000
जब्त की। कुल जप्ती की कीमत करीब ₹3,81,000 आंकी गई है।


NDPS एक्ट में केस दर्ज, सभी आरोपी जेल भेजे गए

मामले में थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। सभी पांचों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
1. समीर कश्यप (24), निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
2. सियाराम कश्यप (25), निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
3. विरेंद्र श्रीवास (34), निवासी डीलवापारा, जरहागांव
4. लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35), निवासी महामाया पारा, जरहागांव
5. रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27), निवासी छतौना, थाना जरहागांव

पुलिस की अपील

मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी अवैध नशा, मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इनकी रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी साइबर सेल), उप निरीक्षक सत्येंद्र पुरी गोस्वामी (प्रभारी जरहागांव), सउनि लखीराम नेताम सहित साइबर सेल एवं थाना जरहागांव पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही


मुंगेली पुलिस की यह कार्रवाई नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश है—जिले को नशामुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!