मुख्यमंत्री साय चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के अधिवेशन में हुए शामिल सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख और सीसी रोड निर्माण हेतु 20 लाख की घोषणा

0
IMG-20260308-WA1201

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को रायपुर जिले के पारागांव में आयोजित चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा पारागांव में सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि जब समाज स्वयं अपने बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाता है, तब नई पीढ़ी अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती है। उन्होंने चन्द्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि इस समाज ने देश और प्रदेश को अनेक प्रतिभाशाली व्यक्तित्व दिए हैं। समाज द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के माध्यम से 2000 से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा का अवसर मिल रहा है, जो सराहनीय है।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि महतारी वंदन योजना को दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और इस अवसर पर लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में योजना की 25वीं किश्त की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि होली पर्व के पूर्व 25.28 लाख किसानों के खातों में कृषक उन्नति योजना के तहत 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले समाज के प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित भी किया। सम्मानित होने वालों में दीपक चंद्राकर (सिविल जज), कु. लक्ष्मी चंद्राकर (पीएससी में चयनित वाणिज्यिक कर अधिकारी), डॉ. प्रीति करण चंद्राकर, डॉ. करण चंद्राकर, कु. लक्ष्मी चंद्राकर (इंडो-नेपाल टेस्ट सीरीज बॉल बैडमिंटन गोल्ड मेडल), डॉ. दिव्या चंद्राकर और डॉ. राहुल चंद्राकर (एमबीबीएस) शामिल हैं।

इस अवसर पर केबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक ललित चंद्राकर और विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के संगठन, शिक्षा और सामाजिक विकास में योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!