अरईबंद में अवैध उत्खनन का आरोप, सरपंच ने थाने में की शिकायत
बिलासपुर/तखतपुर। जनपद पंचायत तखतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत अरईबंद में शासकीय भूमि पर अवैध उत्खनन का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अरईबंद के सरपंच प्रेम भास्कर ने थाना तखतपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच ने शिकायत में बताया कि ग्राम में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर भाग्यलक्ष्मी पावर प्लांट के पास स्थित खसरा नंबर 760, रकबा 61 एकड़ में से भूमि का चयन किया गया है। इसी भूमि के आसपास कुछ लोगों द्वारा जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई कर ट्रकों में भरकर ले जाया जा रहा था।

आवेदन के अनुसार मौके पर हाईवा ट्रक क्रमांक CG07 BJ 9960 और CG10 AR 5307 में मिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। इस कार्य को सिराज जिंदान निवासी तखतपुर और सतीश साहू निवासी ग्राम नगोई द्वारा कराया जाना बताया गया है।
सरपंच प्रेम भास्कर के मुताबिक जब वे मौके पर पहुंचे और अवैध उत्खनन का विरोध कर काम बंद करने को कहा, तो आरोपियों ने खुद को विधायक प्रतिनिधि बताते हुए धमकी दी और कहा कि जो करना है कर लो। इसके बाद उन्होंने डायल 112 और थाना प्रभारी तखतपुर को फोन कर घटना की जानकारी दी तथा मौके का वीडियो भी बनाया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि अवैध रूप से निकाली गई मिट्टी को मनरोड जारोंध प्रजा प्रो इंडस्ट्रीज के मालिक अग्रवाल की भूमि में डंप किया जा रहा था। सरपंच का कहना है कि उक्त भूमि शासकीय है और वहीं पंचायत द्वारा सामुदायिक भवन का निर्माण प्रस्तावित है। ऐसे में मिट्टी हटाए जाने से पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
सरपंच के अनुसार पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी जेसीबी और हाईवा को थाना ले जाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि खनिज विभाग बिलासपुर, जिलाध्यक्ष बिलासपुर तथा उप संचालक खनिज विभाग रायपुर को भी भेजी गई है। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश है और उन्होंने अवैध उत्खनन पर रोक लगाने की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




