ऑपरेशन प्रहार: अवैध कबाड़ पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 83.52 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर लगाम कसने के लिए रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा और पुसौर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों से करीब 130 टन स्क्रैप और आयरन पेललेट्स जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 83 लाख 52 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन में लगे वाहनों को पकड़ा।
पुसौर पुलिस की कार्रवाई
पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुसौर-सरिया मार्ग पर आर्यन फ्यूल के सामने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान दोनों वाहनों में करीब 19 टन लोहे के टीना का स्क्रैप लोड पाया गया। वाहन चालकों से स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों सहित स्क्रैप को जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई
इसी क्रम में आज सुबह पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर तमनार चौक और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी की। यहां ओडिशा की ओर से रायगढ़ की तरफ आ रहे चार भारी वाहनों को रोका गया।
जांच के दौरान तीन 12 चक्का ट्रकों में आयरन पेललेट्स और एक ट्रक में करीब 25 टन स्क्रैप लोहे के छड़, मशीनरी पार्ट्स लोड मिले। वाहन चालकों से परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर चालकों के खिलाफ धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
कुल 130 टन सामग्री और 6 वाहन जब्त
दोनों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में पुलिस ने 3 ट्रकों से 86 टन आयरन पेललेट्स (अनुमानित कीमत करीब 6.20 लाख रुपये) तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से 44 टन लोहे का स्क्रैप (कीमत करीब 17.32 लाख रुपये) जब्त किया है।
इसके अलावा अवैध परिवहन में उपयोग किए जा रहे 6 वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




